Breaking News

भाजपा राज में विकास के नाम पर यूपी में सिर्फ अपराध बढ़ा : सपा

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में विकास के नाम पर उत्तर प्रदेश अपराध में ही विकसित हुआ है। शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, जनकल्याण, ऊर्जा और सुरक्षा के हर मोर्चे पर प्रदेश पिछड़ता गया है। किसान, नौजवान, व्यापारी, महिलाएं सभी भाजपा की कुनीतियों के शिकार होकर बुरी तरह परेशान हैं। समाजवादी सरकार ने जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाएं बनाई थीं, उन्हें भाजपा ने बर्बाद करने के साथ पूरे देश में उत्तर प्रदेश को बदनाम किया है।

समाजवादी सरकार ने यूपी डायल 100 और 1090

अपराध नियंत्रण के लिए समाजवादी सरकार ने यूपी डायल 100 नं0 की व्यवस्था की थी। इसकी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा भी हुई थी। इस व्यवस्था में किसी को थाना-कोतवाली जाने की जरूरत नहीं थी,100 नं0 डायल करते ही उसकी रिपोर्ट दर्ज हो जाती और पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचती थी। इसके लिए पुलिस को गाड़िया भी मुहैया कराई गई थी। महिलाओं से छेड़छाड़ तथा अन्य शिकायतों के निवारण के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन सेवा भी शुरू की गई थी। इस सेवा की भी व्यापक प्रशंसा हुई थी। भाजपा सरकार बनते ही ये सेवाएं बर्बाद हो गई।

कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब प्रदेश में घटनाएं

पिछले दो दिनों में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में गोली लगने से एक छात्र की मौत हो गई। लखनऊ में विधिक अधिकारी रंजना श्रीवास्तव पर घर में घुसकर कातिलाना हमला हुआ। ग्रेटर नोएडा में केन्द्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्ढा के ओएसडी पर हमला हुआ जिसमें उसकी कार भी लूट ली गई। बलरामपुर में एक शिक्षिका को अगवा करने की घटना घटी। इलाहाबाद के थाना नवाबगंज गांव सरांय जयराम के माफिया प्रधान और उसके पुत्रों ने अकारण समाजवादी पार्टी समर्थकों पर हमला कर कुलदीप यादव की हत्या कर दी। श्री श्याम बहादुर, कुंवर बहादुर तथा रणजीत यादव घायल हुए। यह सब प्रशासन के संरक्षण में हुआ।

चिंतनीय स्थिति तो यह है कि कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब प्रदेश में हत्या, लूट, अपहरण, बलात्कार की घटनाएं न घटती हों। बच्चियां तक सुरक्षित नहीं। व्यापारी लूटे जाते हैं और उनकी हत्याएं हो जाती है फिर भी केस का खुलासा नहीं होता है। एटीएम तक लूटे जा रहे है, अक्सर उनमें नकली नोट भी निकल आते हैं। उच्च अधिकारियों के कहने के बावजूद थानों में जनता की शिकायतें दर्ज नहीं होती है। अब तो अपराधी पुलिस पर भी हाबी दिखते हैं या पुलिसवाले खुद भी अपराधों में संलिप्त पाए जाते हैं।

विकास के दावेदार भाजपा के राज में

विकास के दावेदार भाजपा के राज में एक सड़क भी नहीं बनी। शायद वे नहीं चाहते हैं कि ऐसी सड़क बने जिस पर चलकर दिल्ली पहुंचा जा सके। समाजवादी सरकार ने आगरा- लखनऊ एक्सप्रेस-वे जैसी सड़क बनाई जिस पर युद्धक विमान तक उतर सकते हैं। भारत में इसकी कोई दूसरी मिसाल नहीं है। भाजपा के खोखले दावों की कलई खुल चुकी है और जनता उनकी हकीकत जान चुकी है। जनता को बहकाने की भाजपा लाख कोशिशें कर लें, उसको कोई सफलता नहीं मिलने वाली है।

 

संक्षिप्त खबर

एनसीपी ने गठबंधन को दिया समर्थन

नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार की सहमति से नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी, उत्तर प्रदेश ने लोकसभा चुनाव- 2019 में समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के गठबंधन के सभी उम्मीदवारों को बिना शर्त पूर्ण समर्थन देने का फैसला किया है। नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रमेश दीक्षित ने गठबंधन के पक्ष में समर्थन घोषित करते हुए कहा है कि इस चुनाव में संसदीय लोकतंत्र और भारतीय संविधान का भविष्य भी दांव पर लगा है। इसलिए भाजपा और उसके सहयोगी दलों के प्रत्याशियों को निर्णायक शिकस्त मिलनी चाहिए।

एनसीपी समेत अन्य दलों के सहयोग से गठबंधन प्रत्याशियों की जीत

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी द्वारा दिए गए समर्थन के लिए नेशनलिस्ट कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रो0 रमेश दीक्षित के प्रति आभार जताया है और उम्मीद जताई कि एनसीपी समेत अन्य दलों के सहयोग से गठबंधन प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित हो सकेगी।

About Samar Saleel

Check Also

चुनाव आयोग ने सीएम योगी के प्रमुख सचिव को हटाने का दिया निर्देश, सीएम कार्यालय का भी काम देख रहे थे

केंद्रीय चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद को हटाने का ...