Breaking News

इस समय प्रदेश में गठबंधन की लहर : अखिलेश यादव

प्रतापगढ़/कुण्डा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज कहा कि लोकतंत्र में कोई राजा नहीं होता है। जनता ही राजा होती है। इस समय गठबंधन की लहर है। जनता जिसको चाहेगी उसे राजा बनाएगी और जिसके खिलाफ हुई उसकी कुर्सी छीन लेगी। भाजपा के लोग छल और धोखे से हमें पीछे करना चाहते हैं। हम चाहते हैं जातिगणना के आधार पर सबको आनुपातिक भागीदारी मिले तभी सामाजिक हक और सम्मान स्थापित होगा। श्री यादव ने कहा कि साइकिल का एक बटन दबाने से चौकीदार, ठोकीदार और धमकीदार तीनों चले जायेंगे। इतिहास में कम ही ऐसे अवसर मिलते है जब सबक सिखाया जा सकता है।

जनता के हित में लिया गया

कुण्डा में महागठबंधन के कौशाम्बी लोकसभा से प्रत्याशी इन्द्रजीत सरोज और प्रतापगढ़ से अशोक त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनता का जोश बता रहा है कि इस बार परिवर्तन होने जा रहा है और असली वोट असली जगह आ गया है। कोई नहीं सोच रहा था कि यह गठबंधन हो जाएगा। यह गठबंधन किसानों, नौजवानों, दलित, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और आम जनता के हित में लिया गया जमीनी गठबंधन है। इस गठबंधन से ही सामाजिक न्याय मिलेगा।

दिलों को जोड़कर बना गठबंधन

श्री यादव ने कहा कि महागठबंधन से ही गोरखपुर में जीत हुयी जहां कोई सोच नहीं सकता था। इसी प्रकार फूलपुर और कैराना के उपचुनाव में जीत हासिल हुई। दलितों, पिछड़ों अल्पसंख्यकों और अगड़ों के दिलों को जोड़कर यह गठबंधन बना है। इससे भाजपा की हवा खराब हो गयी। जो लोग टीवी पर चिल्लाते थे वे कम दिखायी दे रहे है। उनकी आवाज दब गयी है। बहराइच, बाराबंकी में भाजपा को कोई सुनने भी नहीं आया। भाजपा जाने वाली है। समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी आने वाली है।

अच्छे दिन के नाम पर सपने दिखाकर

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जनता को धोखा दिया है। अच्छे दिन के नाम पर सपने दिखाकर जनता को गुमराह किया गया। करोड़ों लोगों को नौकरी और किसानों से किया गया वादा पूरा नहीं किया गया। देश की अर्थव्यवस्था चैपट हो गयी है। भारत सरकार पर इस समय 82 लाख करोड़ का कर्ज है। चाय वाले ने देश की जनता से वादाखिलाफी किया। उनकी पोल खुल गयी है। चाय वाले अबकी बार चैकीदार बनकर आये हैं। जो किसी लायक नहीं हैं वे भी चैकीदार के समर्थक है। चैकीदार के साथ उत्तर प्रदेश में ठोको नीति चलाने वाले को भी बाहर करना है। ठोको नीति के कारण ही पुलिस के लोग अपमानित हो रहे है। चैकीदार, ठोकीदार का इस चुनाव में पता नहीं चला तो धमकीदार का पता कहां चलेगा?

आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व एवं हिस्सेदारी

सपा अध्यक्ष ने कहा कि जब आधार से हर कोई जुड़ गया है तो फिर जातिगत जनगणना के आकड़े जारी क्यों नहीं किये जा रहे है? समाजवादी लोग चाहते है कि सबको गिन लिया जाए और आबादी के हिसाब से प्रतिनिधित्व एवं हिस्सेदारी दी जाये। हम छीनना और हड़पना नहीं चाहते बल्कि हम अधिकार दिलाना चाहते है। यह चुनाव हक और सम्मान की लड़ाई का है। संविधान नहीं होता तो हमें सम्मान नहीं मिलता। श्री यादव ने कहा समाजवादी सरकार में किए गये विकासकार्यों को जनता आज भी याद कर रही है। समाजवादी सरकार में 102,108 नम्बर एम्बूलेंस से सभी को लाभ मिला। यूपी डायल 100 से पुलिस विभाग का आधुनिकीकरण कर अनेक सुविधाओं से लैस किया गया जिससे जनता को लाभ मिल सके। इस डायल 100 सेवा को भी भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया।

यह चुनाव भरोसे का चुनाव

अखिलेश यादव ने कहा कि दिल्ली में महागठबंधन की सरकार बनने पर भारी तादात में नौजवानों को नौकरी दी जायेगी। नौजवानों को रोजगार नहीं दिया गया। इसके उलट उन्हें पकौड़ा तलने को कहा गया। इसके पीछे प्रधानमंत्री जी रिफाइण्ड तेल के माध्यम से उद्योगपतियों को मालामाल करना चाहते है। समाजवादी चाहते है कि किसान के सरसों का अधिक उत्पादन हो जिससे अन्नदाता समृद्ध हो सके। श्री यादव ने कहा कि यह चुनाव देश का सवाल हैं। यह चुनाव भरोसे का चुनाव है। देश और संविधान बचाने का चुनाव है। भाजपा सरकार में बड़े-बड़े उद्योगपति हवाई जहाज से देश छोड़कर भाग गये जबकि इलाहाबाद में जाने के लिए मुझे एयरपोर्ट से रोक लिया गया। भाजपा सरकार में देश सुरक्षित नहीं हैं। आज देश की सीमाएं जवानों की वजह से सुरक्षित है।

About Samar Saleel

Check Also

विश्वनाथ मंदिर में अब नहीं होगी मन्नत की हौद भराई, 580 लीटर दूध से भरा जाता था अरघा

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में अब हौद भराई पूजा पर रोक लगा दी गई है। ...