Breaking News

राम माधव ने की भविष्यवाणी, 2047 तक सत्ता में रहेगी बीजेपी

लोकसभा चुनाव 2019 में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्रचंड बहुमत से जीत के बाद नेताओं का उत्साह सातवें आसमान पर है। बीजेपी के महासचिव राम माधव ने शुक्रवार को पार्टी कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि बीजेपी 2047 तक देश की सत्ता पर काबिज रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी कांग्रेस का रेकॉर्ड तोड़ देगी।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के महासचिव राम माधव ने शुक्रवार को त्रिपुरा में कहा, ‘यदि कोई पार्टी सबसे ज्यादा सत्ता में रही है तो वह कांग्रेस है। कांग्रेस ने 1950 से 1977 तक देश में शासन किया है। मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि मोदीजी यह रेकॉर्ड तोड़ने जा रहे हैं। 2047 में आजादी के 100वें वर्ष में प्रवेश करने तक बीजेपी सत्ता में काबिज रहेगी।’ उन्होंने कहा, ‘हम पिछले पांच वर्षों में सांप्रदायिक अशांति, भ्रष्टाचार को रोकने में कामयाब रहे और मजबूत भारत का निर्माण करने तथा आर्थिक स्थिरता लाने के कारण हमें प्रचंड जीत मिली है। संसद तक पहुंचने के लिए हमारी पार्टी ने सेना की उपलब्धियों का सहारा नहीं लिया।

भाजपा नेता ने कहा, ‘पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार लंबा सफर तय करेगी. हमें विश्वास है कि पार्टी 2047 में भी सत्ता में रहेगी, जब देश आजादी का शताब्दी वर्ष मना रहा होगा। राष्ट्रवाद भाजपा के डीएनए में है।’ इससे पहले लोकसभा चुनावों के बाद राम माधव ने जीत का भरोसा जताया था और पूर्ण बहुमत मिलने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि इस बार भी चुनाव उनकी पार्टी पीएम मोदी की छवि पर ही लड़ रही है। फेडरल फ्रंट की कवायदों को लेकर राम माधव ने केसीआर और चंद्रबाबू नायडू पर हमला बोला था और तंज कसते हुए कहा था कि हमारे पास जब खुद किंग है तो फिर हमें किंग मेकर की जरूरत क्यों पड़ेगी।

बता दें कि लोकसभा (2019) की दोनों सीटें जीतने के बाद अगरतला, त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी ने कार्यकर्ता धन्यवाद समारोह आयोजित किया था। इसमें त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब देब, राष्ट्रीय महासचिव राम माधव के साथ कई अन्य नेता भी शामिल हुए। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहाटकर ने समारोह के दौरान कहा, ‘फिर लोकसभा जीत गए लेकिन यह फुल स्टॉप नहीं है। यह तो शुरुआत है, लंबा सफर तय करना है।’

About Aditya Jaiswal

Check Also

सपा ने मेरठ के प्रत्याशी भानु प्रताप का टिकट काटा, नया प्रत्याशी वैश्य, दलित या मुस्लिम समाज का होगा!

समाजवादी पार्टी ने मेरठ से अपने प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह का टिकट काट दिया है। ...