Breaking News

 11 नवम्बर को शुरू होगा अन्तर्राष्ट्रीय मुख्य न्यायाधीश सम्मेलन 

लखनऊ । सिटी मोन्टेसरी स्कूल द्वारा आयोजित ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों के 18वें अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर कमलों से 11 नवम्बर, शनिवार को प्रातः 9.00 बजे सी.एम.एस. कानपुर रोड आॅडिटोरियम में होगा। इससे पहले, सम्मेलन में पधार रहे 6 देशों के प्रधानमंत्री, उप-राष्ट्रपति, पूर्व राष्ट्रपति, गवर्नर-जनरल, संसद के अध्यक्ष समेत 60 देशों के मुख्य न्यायाधीशों, न्यायाधीशों व कानूनविद्ों का ‘स्वागत समारोह’ 10 नवम्बर को सायं 5.00 बजे सी.एम.एस. कानपुर रोड परिसर में आयोजित किया जायेगा। इस अवसर पर श्री मुख्तार अब्बास नकवी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री, भारत सरकार मुख्य अतिथि होंगे जबकि स्वागत समारोह का उद्घाटन प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा करेंगे। उक्त जानकारी आज यहाँ होटल क्लार्क अवध में आयोजित एक प्रेस कान्फ्रेन्स में  सम्मेलन के संयोजक एवं सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने दी। विदित हो कि सिटी मोन्टेसरी स्कूल द्वारा ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों का अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ 10 से 14 नवम्बर तक सी.एम.एस. कानपुर रोड आॅडिटोरियम में आयोजित किया जा रहा है। ‘भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51’ पर आधारित यह ऐतिहासिक सम्मेलन विश्व एकता, विश्व शान्ति एवं विश्व के ढाई अरब से अधिक बच्चों के सुन्दर एवं सुरक्षित भविष्य को समर्पित है। पत्रकारों से वार्ता करते हुए डा. गाँधी ने कहा कि सिटी मोन्टेसरी स्कूल पूरे विश्व में एकता, शान्ति, न्याय व बच्चों के अधिकारों की आवाज उठा रहा है एवं इसी कड़ी में ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों का 18वाँ अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ आयोजित किया जा रहा है। सी.एम.एस. द्वारा विगत 17 वर्षों में आयोजित किये गये अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में 125 देशों के 1002 मुख्य न्यायाधीश व न्यायाधीश प्रतिभाग कर चुके हैं और सभी ने सी.एम.एस. के इस प्रयास को सराहा है। सी.एम.एस. का मानना है कि ‘भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51’ की भावनाओं को आत्मसात कर विश्व में एकता व शान्ति की स्थापना संभव है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया  कि सम्मेलन के प्रतिभागी देशों में अफगानिस्तान, अंगोला, एन्टीगुआ एवं बरबूडा, अर्जेन्टीना, आर्मीनिया, बहमास, बेनिन, भूटान, बोलिविया, बोस्निया एण्ड हर्जेगोविना, ब्राजील, कम्बोडिया, कोस्टारिका, क्रोएशिया, इक्वाडोर, इजिप्ट, इथियोपिया, फिजी, घाना, गुयाना, होण्डूरस, ईरान, जमैका, किर्गिज रिपब्लिक, लेबनान, लेसोथो, मैसीडोनिया, मेडागास्कर, मलावी, माॅरीशस, मंगोलिया, मोरक्को, मोजाम्बिक, म्यांमार, नेपाल, नीदरलैण्ड, नाईजीरिया, पराग्वे, पेरू, फिलीपीन्स, सोमालिया, साउथ अफ्रीका, साउथ कोरिया, साउथ सूडान, श्रीलंका, सूडान, सूरीनाम, स्वाजीलैण्ड, तंजानिया, ताईवान, छाड़, थाईलैण्ड, टोगो, ट्यूनीशिया, तवालू, युगाण्डा, यूक्रेन, अमेरिका, जिम्बाब्वे एवं भारत प्रमुख हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मलेन दुनिया को एकता के सूत्र में पिरोने और विश्व के ढाई अरब बच्चों के सुरक्षित व सुखद भविष्य की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और विश्व समाज को एक नई दिशा देगा।

 

About Samar Saleel

Check Also

अयोध्या में राम नवमी के अवसर पर आज दोपहर बाद से 22 घंटे वाहनों का प्रवेश प्रतिबन्धित रहेगा

राम नगरी में यातायात डायवर्जन व्यवस्था रहेगी लागू। अयोध्या। राम नवमी व मेला के मद्देनजर ...