Breaking News

हरियाणा में कांग्रेस का वादा-300 यूनिट बिजली फ्री, सरकार बनने के 24 घंटे में माफ होगा कर्ज

कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है, जिसमें पार्टी ने कई लोकलुभावने वादे किए हैं। कांग्रेस ने वादा किया है कि राज्य में उसकी सरकार बनने के 24 घंटें में किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। इसके अलावा 300 यूनिट बिजली फ्री और महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपये चूल्हा खर्च देने का भी वादा किया गया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने शुक्रवार को संकल्प पत्र जारी किया। कांग्रेस ने 24 घंटें में किसानों के कर्ज को माफ करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने दो एकड़ तक की जमीन वाले किसानों को मुफ्त बिजली और फसल बीमा की एकमुश्त किस्त देने का वादा किया।

इतना ही नहीं, कांग्रेस ने प्राकृतिक आपदाओं सूखा, बाढ़ आदि से फसल खराब होने पर 12000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की बात कही है। वहीं नए मोटर वाहन कानून के तहत बढ़ाए गए भारी भरकम जुर्मानों को कानून में संशोधन करके खत्म किया जाएगा।

कांग्रेस ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं के लिए भी कई बड़े वादे किए हैं। गरीबी रेखा से नीचे की महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपये चूल्हा खर्च के तौर पर दिए जाएंगे। इसके अलावा हरियाणा सरकार की सभी नौकरियों और निजी संस्थानों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण मिलेगा। महिलाओं को संपत्ति हाउस टैक्स में 50 फीसदी की छूट मिलेगी।

रोडवेज में महिलाओं को मुफ्त यात्रा कराई जाएगी। इसके लिए अलग बसें होंगी, जिनमें महिला चालक और परिचालक होंगी। शहरी निकायों में भी 50 फीसदी आरक्षण देने का वादा किया गया है। गर्भवती महिलाओं को बच्चे के जन्म तक 3500 रुपये हर माह दिए जाएंगे। उसके बाद पांच साल तक 5 हजार दिए जाएंगे।

घोषणा पत्र में एससी छात्रों को वजीफा देने का वादा किया गया है। मेधावी छात्रों को दसवीं तक 12 हजार सालाना मिलेंगे। 11-12वीं के मेधावी एससी छात्रों को 15 हजार देंगे। क्रीमिलेयर सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख सालाना किया जाएगा। पुरानी पेंशन योजना लागू करने का वादा किया गया है। एससी कमीशन दोबारा बनाया जाएगा। बेरोजगार स्नातक को 7 हजार, एमए पास को 10 हजार भत्ता देंगे। प्रदेश के युवाओं को निजी उद्योगों में 75 प्रतिशत आरक्षण देंगे।

कांग्रेस के मेनिफेस्टो में गौ प्रेम भी दिखाई दिया है। हरियाणा में कांग्रेस ने हर विधानसभा क्षेत्र में गौशाला खोलने की बात कही है। गौशालाओं को सालाना बजट दिया जाएगा। इसके अलावा गौमूत्र और गोबर का प्रसंस्करण किया जाएगा और उससे आयुर्वेदिक दवाएं, जैविक खाद और जैविक कीटनाशक तैयार करने के लिए प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता भी दी जाएगी ताकि गायों के माध्यम से युवा रोजगार अर्जित कर सकें।

कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में मॉब लिंचिंग हरियाणा में कड़ा कानून बनाए जाने की बात कही गई है। वहीं मॉब लिंचिंग का अपराध साबित होने पर आरोपियों को सरकारी नौकरियों के लिए अयोग्य घोषित किया जाएगा। बता दें कि हरियाणा में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। वहीं 24 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी।

About Aditya Jaiswal

Check Also

मतदान न हो लू से प्रभावित, टास्क फोर्स रखेगी नजर, रोज जारी होगा पूर्वानुमान

नई दिल्ली:  देश के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान और लू चलने के ...