Breaking News

गैंगरेप की वारदातों से दहला हरियाणा

नई दिल्ली। हरियाणा में गैंगरेप के तीन मामले सामने आए हैं, जिन्होंने देश को हिला दिया है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा हरियाणा से ही दिया गया था। बावजूद इसके हरियाणा के हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक के बाद एक वारदात से लोगों को दहलाने वाली घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। वहीं पुलिस और प्रशासन अपनी लापरवाही पर परदा डालने के सिवा कुछ खास काम करने में सफल नहीं दिखाई पड़ रहा है।

कुरुक्षेत्र की वारदात

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक लड़की के साथ पहले गैंगरेप किया गया और फिर उसका कत्ल कर दिया गया। इस वारदात से पूरा इलाका गुस्से में है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है। घटना नौ जनवरी की है जब 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा घर से ट्यूशन के लिए जा रही थी। रास्ते में उसका अपहरण कर लिया गया और गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई। गुस्सा इस वजह से भी ज्यादा है, क्योंकि हत्यारों ने छात्रा के नाजुक अंगों में नुकीली चीज डाल कर बर्बरता की और फिर नदी में डुबो कर उसका कत्ल कर दिया।

शव रखकर किया विरोध प्रदर्शन

घटना के बाद से मृतक छात्रा के गांव के लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। छात्रा के परिवार वालों को गांव में ही रहने वाले एक लड़के पर शक है जो कि घटना के बाद से ही फरार चल रहे हैं। आरोपी लड़का मृतक छात्रा के ही स्कूल का 12वीं का छात्र है। जब छात्रा का शव उसके घर पहुंचा तो गुस्साए लोगों ने शव को घर के बाहर रखकर प्रदर्शन किया।

रिश्तों को किया कलंकित

पानीपत में छठी कक्षा में पढ़ने वाली एक बच्ची के साथ उसके दो रिश्तेदारों ने ही रेप किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने बच्ची को लोहड़ी देने के बहाने से बुलाया और उसके साथ रेप किया। यही नहीं जब बच्ची की मौत हो गई तब भी उसकी लाश के साथ रेप किया गया। दोनों आरोपी बच्ची के दूर के रिश्ते में मामा और नाना लगते हैं।

आरोपियों को मिलेगी सख्त सजा

जांच अधिकारी रामेश्वर दत्त ने कहा कि दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा और आरोपियों को सख्त सजा दी जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना की खबर फैलते ही लोगों में गुस्सा और दुख का माहौल बना रहा।

गाड़ी में अगवा कर लड़की के साथ गैंगरेप

फरीदाबाद में चलती गाड़ी में गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया। जिसमें लड़की को स्कॉर्पियो गाड़ी में अगवा कर लिया गया। तब चश्मदीदों ने पुलिस को फोन करके मामले की सूचना दी, लेकिन फिर भी पुलिस वारदात को रोक नहीं सकी। गैंगरेप के बाद आरोपी लड़की को फरीदाबाद और पलवल के बीच सीकरी में छोड़ कर फरार हो गए। लड़की पढ़ाई और नौकरी एक साथ कर रही थी। वारदात को 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस खाली हाथ घूम रही है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ अपहरण और तीन के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करा लिए हैं और मेडिकल भी करवा लिया है। लेकिन उन अपराधियों की तलाश नहीं कर पा रही है।

About Samar Saleel

Check Also

चेन्नई सेंट्रल से भाजपा उम्मीदवार विनोज ने की पीएम की तारीफ, कहा- हमें उनकी कार्यशैली पर भरोसा है

लोकसभा चुनाव का शंखनाद होते ही भाजपा ने पांचवी सूची भी जारी कर दी। इसमें ...