Breaking News

राष्ट्रमंडल खेलों में महिला क्रिकेट को किया गया शामिल, निशानेबाजी बाहर

वर्ष 2022 में इंग्लैंड में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में महिला ट्वंटी-20 क्रिकेट को शामिल किया जा रहा है। महिला क्रिकेट को राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल करने के प्रस्ताव का राष्ट्रमंडल खेल महासंघ ने अपनी स्वीकृति दे दी है। लेकिन राष्ट्रमंडल खेल 2022 में निशानेबाजी शामिल नहीं होगी जिससे भारत को करारा झटका लगा है, क्योंकि निशानेबाजी प्रतियोगिता में भारत को हमेशा से ज्यादा से ज्यादा पदक मिलते है। वहीं, कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरर (सीजीएफ) कार्यकारिणी बोर्ड की बैठक के दौरान वॉलीबॉल और पैरा टेबल टेनिस को भी खेलों की सूची में शामिल किया गया है।

महिला क्रिकेट को राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल करने पर अंतिम फैसला 71 सदस्यों वाले महासंघ की वोटिंग के दौरान लिया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड के साथ मिलकर राष्ट्रमंडल खेलों में महिला ट्वंटी-20 क्रिकेट को शामिल करने के लिए प्रस्ताव दिया था। इस वर्ष मार्च में बेंगलुरु में हुई एमसीसी विश्व क्रिकेट समिति ने अपनी वार्षिक बैठक के दौरान आईसीसी के इस प्रस्ताव का समर्थन किया था। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी मनु साहनी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा, “हमें खुशी है कि महिला क्रिकेट को 2022 में बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल करने के लिए नामित किया गया है। मैं राष्ट्रमंडल खेल महासंघ को इसके लिए धन्यवाद देना चाहता हूं और राष्ट्रमंडल परिवार का हिस्सा बनने पर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।”

साहनी ने कहा, “हम महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। बर्मिंघम में 2022 में होने वाला राष्ट्रमंडल खेल महिला क्रिकेट के लिए बड़ा मौका है और यह सभी युवा महिला खिलाड़ियों को इस टूर्नामेंट का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करेगा।” इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के कार्यकारी अध्यक्ष टॉम हैरिसन ने कहा, “महिला क्रिकेट को बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल करने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलना एक एतिहासिक पल है। यह महिला क्रिकेट के लिए काफी अच्छा है और यह विश्व में नई पीढ़ी की युवा महिलाओं क्रिकेट में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगा।”उल्लेखनीय है कि राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के सदस्य अगर इस प्रस्ताव को पास कर देते हैं तो यह दूसरा मौका होगा जब क्रिकेट के खेल को राष्ट्रमंडल खेलों में जगह दी जाएगी। इससे पहले वर्ष 1998 के राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष टीम ने भाग लिया था जिसमें दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर स्वर्ण पदक जीता था।

About Aditya Jaiswal

Check Also

RCB के कप्तान ने हार के लिए सिराज एंड कंपनी को ठहराया कसूरवार, हार्दिक ने बुमराह-सूर्या की तारीफ की

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान फाफ डुप्लेसिस को लगता है कि उनकी टीम के गेंदबाजी ...