Breaking News

उपचुनाव का भाजपा ने किया खाका तैयार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 12 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा संगठन और सरकार ने कमर कस ली है। मिशन के लिए मंत्रियों तथा पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हर क्षेत्र में एक पूर्णकालिक विस्तारक भी तैनात किये गए हैं। मंत्री और पदाधिकारी अपने लिए आवंटित क्षेत्रों में सक्रिय होंगे और हर बूथ पर भाजपा को सबसे मजबूत बनाने का दारोमदार रहेगा।

भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी

भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल समेत कई मंत्री और संगठन के पदाधिकारियों ने भविष्य के कार्यक्रमों का खाका तैयार किया। उप चुनाव वाले क्षेत्रों में सदस्यता अभियान और बूथ समितियों के पुनर्गठन पर भी जोर दिया गया। मंत्रियों और पदाधिकारियों के लिए विधानसभा क्षेत्र निर्धारित करते हुए जातीय समीकरण का भी ख्याल रखा गया है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय को गोविंदनगर (कानपुर), उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और प्रदेश मंत्री देवेंद्र चौधरी को रामपुर, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष बीएल वर्मा को टुंडला (फीरोजाबाद), पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह और प्रदेश मंत्री वाइपी सिंह को गंगोह (सहारनपुर), गन्ना विकास राज्यमंत्री सुरेश राणा और प्रदेश उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल को इगलास (अलीगढ़), ग्राम्य विकास मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह और प्रदेश मंत्री प्रकाश पाल को मानिकपुर (चित्रकूट), राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह धुन्नी और प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया को हमीरपुर, चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन और प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर को कैंट (लखनऊ) का प्रभारी बनाया गया है।

वहीं, वन मंत्री दारा सिंह चौहान और प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल को जैदपुर (बाराबंकी), कानून मंत्री बृजेश पाठक और प्रदेश मंत्री संतोष सिंह को जलालपुर (अंबेडकरनगर), समाज कल्याण मंत्री रमापति राम शास्त्री व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार उपेंद्र तिवारी तथा प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता को बलहा (बहराइच) और परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तथा प्रदेश मंत्री त्रयंबक त्रिपाठी को प्रतापगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। बैठक में सभी संबंधित मंत्री और संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे। जिन जिलों में चुनाव होने हैं वहां के सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और विस्तारक भी मौजूद थे।

 

About Samar Saleel

Check Also

सपा ने मेरठ के प्रत्याशी भानु प्रताप का टिकट काटा, नया प्रत्याशी वैश्य, दलित या मुस्लिम समाज का होगा!

समाजवादी पार्टी ने मेरठ से अपने प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह का टिकट काट दिया है। ...