Breaking News

राम नाथ कोविंद : यूपी के विकास से ही देश का विकास

लखनऊ। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने ओपीओडी कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के कार्यक्रम को देखकर मुझे प्रसन्नता हो रही है। यहां के लोगों का उत्साह प्रदेश के आगे बढऩे में मदद करेगा। सीएम और उनकी टीम को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि अब यूपी विकसित होगा, उन्होंने कहा कि यूपी विकसित होगा तो देश विकसित होगा।

राम नाथ कोविंद : यूपी को खोजने की जरूरत

राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों की तारीफ करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी के किनारे मिलने वाले शिवलिंग को लेने जाते हैं। आज जब हमने यहां पर लोगों से बात की तो बांदा के काउंटर में कुछ पत्थर रखे हुए थे। बताया गया कि वे केन नदी के पत्थर हैं। पत्थरों को अगर पालिश कर दिया जाए तो वे निखर आते हैं। यहां ऐसा देखने को मिला। मुझे आश्चर्य लगा। तब मुझे लगा कि अटल बिहारी वाजपेयी की बहुत याद आई। वे कहते थे उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश है। उन्होंने कहा था कि यूपी को खोजने की जरूरत है। जो यूपी को खोज लेगा तो पता चलेगा कि यूपी कितना समृद्धिशाली प्रदेश है।

सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री यूपी से

राष्ट्रपति ने कहा कि सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री यूपी से रहे हैं। भारत रत्न पाने वाले भी यूपी के हैं। जो बाहरी भी यूपी से चुनाव लड़ता है तो उसका प्रधानमंत्री बनने का सपना भी पूरा होता है। उन्होंने तमाम साहित्यकारों का नाम लेते हुए कहा कि यूपी बहुत प्रतिभा वाला प्रदेश है। यहां सारी संभावनाएं हैं। बस उन्हें तराशने की जरूरत है। यूपी सरकार के ये प्रयास सराहनीय हैं। यहां काशी और सारनाथ जैसे विश्वस्तरीय स्थल हैं। विश्व की जनसंख्या में यूपी का महत्वपूर्ण योगदान है। यूपी के विकास के बिना भारत के विकसित होने की कल्पना करना उचित नहीं है। जब यूपी का विकास होगा तो भारत का विकास होगा।

एमएसएमई उत्तर प्रदेश के विकास में बहुत सहायक

उन्होंने कहा कि सूक्ष्म और लघु उद्यमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास होगा। लोगों को रोजगार मिलेगा। अध्ययन और शिक्षण के क्षेत्र में भी यूपी का बहुत योगदान है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई उत्तर प्रदेश के विकास में बहुत सहायक होगा। यूपी के कई जिले ऐसे हैं जहां एक से अधिक उत्पाद होते हैं। ऐसे जिलों के विकास की संभावनाएं और ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि समिट के प्रयास बहुत ही अच्छे रहे हैं और विश्वस्तरीय सोच और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए यहां प्रोत्साहन की योजनाएं शुरू की जा रही हैं।

यूपी के उत्पादों की ब्राडिंग…

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि यहां के उत्पादों की पूरी दुनियां में बहुत मांग है, ब्रांडिंग की जाए। आठ से 10 राज्यों में इसके उत्पादों की प्रदर्शनी की जाए और वहां के मुख्यमंत्री को बुलाकर उसका प्रदर्शन किया जाए। इसके लिए हमें एक कहावत याद आती है कि जंगल में मोर नाचा तो किसने देखा। चिडिय़ाघर में मोर देखते हैं तो नाचते मोर देखने का मौका मिलता है। इसलिए यूपी के उत्पादों की ब्राडिंग करनी है। इससे यूपी की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि परिश्रम जरूरी है जबकि हमारी मानसिकता कम श्रम करने की है। इसे बदलना होगा। परिश्रम करने वाला हमेशा विकास की दौड़ में आगे रहता है।

कुंभ में उत्पादों की प्रदर्शनी व विक्रय

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा कि आकांक्षी जिलों में सुमार बलरामपुर में फूड प्रोसेसिंग और फतेहपुर में बेडसीट बनाने के काम को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इससे पूरी दुनिया की आंखें यूपी की ओर होंगी। देश के सबसे बड़े मेले कुंभ में दो दर्जन से ज्यादा देश यहां आने के लिए तैयार बैठे हैं। यह कुंभ मेला इतना बड़ा होता है, लोग यहां करोड़ों की संख्या में आते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि कुंभ मेले में हर जिले के उत्पाद की प्रदर्शनी व विक्रय कुंभ में रखा जाए।

अतुल मोहन
अतुल मोहन

About Samar Saleel

Check Also

राजपाट का त्याग करने वाले ही भगवान महावीर और बुद्ध हुए- पंकज सिंह

• चौक में आयोजित भगवान महावीर जन्म कल्याणक 2024 महोत्सव का भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और ...