Breaking News

डाॅ0 लोहिया के सपनों को पूरा करेगी समाजवादी सरकार : अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज डाॅ0 लोहिया की पुण्यतिथि पर लोहिया गोमतीनगर स्थित लोहिया पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि डाॅ0 लोहिया ने रचना और संघर्ष का जो रास्ता बताया था उन्हीं के सिद्धांतों पर समाजवादी पार्टी चल रही है। समाजवादी पार्टी ने कभी जाति-धर्म की राजनीति नहीं की बल्कि गरीबी, भूख और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ती रही है। डाॅ0 लोहिया के सपनों को जब भी समाजवादी सरकार बनीं तो पूरा करने का काम किया गया।श्री यादव ने गुरुवार को श्री जय प्रकाश नारायण की जयंती पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा के एक मंच पर आने का उल्लेख करते हुए कहा कि जे.पी. ने सम्पूर्ण क्रान्ति का नारा दिया था। हम लोगों ने भी भाजपा के सम्पूर्ण सफाये का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा जनता जाग गई है उसे बस चुनाव का इंतजार है। जनता भाजपा के धोखे व बहकावे में नहीं आएगी और उसका पूरा सफाया करके ही दम लेगी।

Dr. lohia Death Anniversary,

समाजवादी सरकार के कामों को अपना बताकर

अखिलेश यादव ने कहा कि जो अपना दामन ज्यादा साफ होने का दावा करते हैं अब उन पर चारों तरफ से उंगलियां उठ रही हैं। सफेदी पर दाग दूर से दिखते हैं। सरकार कोई जवाब नहीं दे रही है। उन्होंने पूछा जब राफेल डील सही हैं तो रक्षामंत्री फ्रांस में किस बात का आंकलन करने गई हैं।श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने विकास का रास्ता रोक दिया है।

केन्द्र की पांच साल और उत्तर प्रदेश में दो साल की भाजपा सरकारों ने कोई काम नहीं किया। समाजवादी सरकार के कामों को अपना बताकर ही उन्होंने पूरा समय गुजार दिया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है। राजधानी में हत्याएं हो रही है। निर्दोष लोग पुलिस की गोली के शिकार हो रहे हैं। मुख्यमंत्री जी की भाषा है ठोंक दो तो पुलिस वही कर रही है।

छात्रसंघ चुनाव में हार गए तो भाजपाई आगजनी

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में हार गए तो भाजपाई आगजनी पर उतारू हो गए। समाजवादी सरकार ने अपराध नियंत्रण के लिए विश्वस्तरीय यूपी डायल 100 नम्बर की स्थापना की थी उसे बेकार कर दिया गया है। नोटबंदी और जीएसटी ने लोगों को तबाह कर दिया है। सड़क के गड्ढों से लेकर इज्जत घर तक में भ्रष्टाचार हो रहा है। श्री यादव ने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि भाजपा मुद्दे भटकाने और लोगों को अपने झूठ से बरगलाने में माहिर है,उनसे हमें सतर्क रहना है। उन्होंने कहा न किसान की आय दुगनी हो रही है और न ही नौजवानों को नौकरी मिल रही,जो भर्तियां होनी थी वे भी नहीं हो रही। भाजपा की मंशा नौजवानों को बेरोजगार बनाए रखने की है।

भाजपा की केंद्र सरकार मंहगाई पर रोक नहीं लगा पा रही है। डीजल-पेट्रोल के साथ खाद के दाम भी बढ़ गए हैं,किसान पर भारी विपत्ति है।मोदी सरकार ने गंगा की सफाई पर धोखा दिया है। एक संत की अनशन के दौरान मौत हो गई। गंगा मैया को धोखा देने वाले को वह माफ नहीं करने वाली है। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी गरीबों, किसानों और मजदूरों के हितों की लड़ाई लड़ रही है। समाजवादी पार्टी ने जो काम किए उनका दूसरी सरकारें मुकाबला नहीं कर पाई है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री अहमद हसन, आर.के.चौधरी, श्रीमती सुशीला सरोज, एस.आर.एस. यादव, लीलावती कुशवाहा, श्रीमती मीरा वर्धन, शंखलाल मांझी, रविदास मेहरोत्रा, उदयवीर सिंह, अरविन्द कुमार सिंह, नफीस अहमद, गौरव दुबे, अनुराग यादव, जावेद आब्दी, फाकिर सिद्दीकी, बृजेश यादव, प्रदीप तिवारी, विजय सिंह, अशोक यादव ‘देव‘, सागर धानुक, जयसिंह जयंत, चंद्रिका पाल, गीता पाण्डे, अजीत प्रताप सिंह, सर्वेश यादव, रूबी खान, मुन्नी पाल, राम प्रकाश यादव, राजेश कुमार गूजर आदि गणमान्य लोग उपस्थिति रहे।

About Samar Saleel

Check Also

दो बाइक की आमने-सामने से आपस में टक्कर, पति-पत्नी सहित तीन घायल

अलीगढ़: आमने-सामने से दो बाइक आपस में भिड़ गईं। टक्कर से दोनों बाइक पर सवार ...