लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) के निर्देशन में उत्तर प्रदेश में मनरेगा (MNREGA) के अंतर्गत बाल विकास विभाग, पंचायती राज विभाग (Child Development Department, Panchayati Raj Department) के अभिसरण से आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य निरंतर किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों (Anganwadi Centres) का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जा रहा है। ग्राम्य विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मनरेगा योजनांतर्गत मनरेगा, बाल विकास विभाग,पंचायती राज विभाग के माध्यम से अभिसरण कर वित्तीय वर्ष 2018-19 से अब तक 19,600 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
इसी तरह वर्ष 2018-19 में 3866, वर्ष 2019-20 में 2015, वर्ष 2020-21 में 4042, वर्ष 2021-22 में 1871, वर्ष 2022-23 में 2332, तो वहीं वर्ष 2023-24 में 1981, वित्तीय वर्ष 2024-25 में 3202 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य पूर्ण गया है तथा वर्तमान वित्तीय 2025-26 में अब तक 292 कार्य पूर्ण कराये जा चुके हैं एवं 9773 कार्य निर्माणाधीन प्रक्रिया में हैं। इन आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के खेलने आदि की व्यवस्था भी की गई है। ध्यान रखा गया है कि कोई भी आंगनबाड़ी केन्द्र नेशनल हाईवे के बगल में ना बने। सभी पंचायतों में आंगनबाड़ी केन्द्र बनाने की योजना के साथ इस पर कार्य किया जा रहा है।
मनरेगा योजना के अंतर्गत जहां बीते वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 3202 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया गया ,वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 292 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि करीब 9 हजार से ज्यादा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर कार्य प्रगतिशील है।
आयुक्त, ग्राम्य विकास जीएस प्रियदर्शी ने बताया कि योजनांतर्गत मनरेगा, बाल विकास विभाग, पंचायती राज विभाग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निरंतर निर्माण कार्य जारी है। शासन के आदेश के अनुसार मनरेगा कंवर्जेंस से नियमानुसार निर्माण कार्य किया जा रहा है। पंचायत स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जा रहा है।