लखनऊ। नगर निगम लखनऊ (Lucknow Municipal Corporation) के कार्यकारिणी समिति में रिक्त छह सदस्यों की मनोनयन प्रक्रिया के लिए प्रस्तावित सदन की तिथि में परिवर्तन कर दिया गया है। पूर्व में यह सदन 26 जून 2025 को निर्धारित था, परंतु अब इसे अपरिहार्य कारणवश स्थगित करते हुए आगामी 4 जुलाई 2025 को आयोजित किया जाएगा।
नगर निगम की महापौर सुषमा खर्कवाल (Mayor Sushma Kharkwal) ने यह जानकारी दी कि यह सदन अब दिनांक 4 जुलाई 2025 को प्रातः 11:00 बजे त्रिलोकीनाथ सभागार, नगर निगम मुख्यालय, लालबाग में आयोजित किया जाएगा। सदन का प्रमुख उद्देश्य कार्यकारिणी समिति के 6 रिक्त पदों को भरना है, जिनके लिए नए सदस्यों का विधिवत मनोनयन किया जाएगा।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने सभी पार्षदगणों एवं नामित सदस्यों को सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि सदन में शांति, मर्यादा एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सदन में केवल पार्षदगण, नामित सदस्य एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी ही भाग लेंगे, अन्य किसी भी व्यक्ति की सभा में उपस्थिति प्रतिबंधित रहेगी। नगर निगम प्रशासन ने सभी पार्षदों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर सदन में सम्मिलित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करें।