Breaking News

गोकुल योजना के बहाने ओबीसी को मनाएगी योगी सरकार

लखनऊ। भाजपा सरकार ने अन्य पिछड़े वर्ग संभालना शुरू कर दिया है। गोकुल पुरस्कार इसीलिए शुरू किया गया है यह जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में डेयरी क्षेत्र के विकास की व्यापक सम्भावनाएं हैं। डेयरी विकास के अनुकूल परिस्थितियां, आवश्यक संसाधन, मार्केट आदि सुविधाएं यहां उपलब्ध हैं। इन सम्भावनाओं को मूर्त रूप देने के लिए सम्मिलित प्रयास की आवश्यकता है। नए डेयरी संयत्रों की स्थापना, नयी दुग्ध समितियों का गठन, किसानों को उन्नत प्रजाति के दुधारू पशुओं को उपलब्ध कराकर दुग्ध उत्पादन में वृद्धि की जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने गोकुल पुरस्कार वितरण समारोह में

मुख्यमंत्री यहां गोकुल पुरस्कार वर्ष 2017-18 के वितरण समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने वर्ष 2017-18 में प्रदेश में सर्वाधिक दुग्ध आपूर्तिकर्ता जनपद लखीमपुर खीरी की दुग्ध समिति बेलवामोती के सदस्य वरूण सिंह को 02 लाख रुपए का प्रथम पुरस्कार तथा जनपद मेरठ की दुग्ध समिति महिला नागौरी की सदस्य श्रीमती कुसुम को डेढ़ लाख रुपए का द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया। वरूण सिंह ने वर्ष 2017-18 में 1,23,650.50 लीटर तथा कुसुम ने 96,023.89 लीटर दूध की आपूर्ति की है।

उत्तम स्वास्थ्य के लिए

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पीसीडीएफ द्वारा जनता के उत्तम स्वास्थ्य के लिए विकसित ‘पराग’ फॉर्टीफाइड दूध का शुभारम्भ किया। यह दूध विटामिन ‘ए’ एवं विटामिन ‘डी’ से युक्त होगा। साथ ही, पीसीडीएफ के गुणवत्ता आश्वासन अनुभाग द्वारा सोयाबीन पाउडर के अपमिश्रण की त्वरित जांच हेतु विकसित टेस्टिंग स्ट्रिप का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में प्रदेश के 73 जनपदों के सर्वाधिक दुग्ध उत्पादकों को गोकुल पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपए प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वालों में 17 महिलाएं भी शामिल हैं।

दुग्ध उत्पादकों की सराहना
मुख्यमंत्री ने सम्मानित दुग्ध उत्पादकों की सराहना करते हुए कहा कि इन सबने ‘जहां चाह वहां राह’ के सूत्र के आधार पर सफलता प्राप्त की है। बिना प्रयास के सफलता प्राप्त नहीं की जा सकती। अपने प्रयास से सफल होकर आज सम्मानित हो रहे दुग्ध उत्पादकों का कार्य अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इनकी कार्यशैली सभी के सामने आनी चाहिए, जिससे अन्य लोग भी उसे अपनाकर अपना मार्ग प्रशस्त कर सकें।

सरकार के प्रयास से
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए दुग्ध विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयास से दुग्ध उत्पादन में 1.32 लाख लीटर की वृद्धि हुई है। इसमें अभी और वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि एनडीडीबी के प्रस्ताव के अनुरूप कर्मचारियों को मिलने वाली ग्रेचुय्टी में वृद्धि की जानी चाहिए। कार्यक्रम को कृषि उत्पादन आयुक्त प्रभात कुमार ने भी सम्बोधित किया।

 

About Samar Saleel

Check Also

भारत-चीन के बीच कूटनीतिक वार्ता, एलएसी से हटेंगे सैनिक

नई दिल्ली। भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श एवं समन्वय के लिए कार्य तंत्र की 29वीं ...