Breaking News

भारत से अमेरिका को स्मार्टफोन का निर्यात 254% बढ़ा, अप्रैल-दिसंबर, 2023 में 3.53 अरब डॉलर का व्यापार

भारत से अमेरिका को स्मार्टफोन निर्यात चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीने यानी अप्रैल-दिसंबर अवधि में 253.70 फीसदी बढ़कर 3.53 अरब डॉलर पहुंच गया। भारत इसके साथ ही चीन और वियतनाम के बाद अमेरिका का तीसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन निर्यातक बन गया है। हालांकि, इस दौरान चीन और वियतनाम से निर्यात में गिरावट आई है। भारत 2022-23 की समान अवधि में भारत ने अमेरिका को सिर्फ 99.8 करोड़ डॉलर के स्मार्टफोन बेचे थे।

वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 2023-24 की अप्रैल-दिसंबर अवधि के दौरान स्मार्टफोन निर्यात में भारत की हिस्सेदारी बढ़कर 7.76 फीसदी पर पहुंच गई। 2022-23 की समान अवधि में यह दो फीसदी थी। आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान चीन का अमेरिका को स्मार्टफोन निर्यात 38.26 अरब डॉलर से घटकर 35.1 अरब डॉलर रह गया। वियतनाम से निर्यात भी 9.36 अरब डॉलर से गिरकर 5.47 अरब डॉलर रह गया।

विनिर्माण और पीएलआई ने बढ़ाई रफ्तार
एक अधिकारी ने बताया कि भारत स्मार्टफोन के लिए एक प्रमुख उत्पादन केंद्र के रूप में उभर रहा है। स्मार्टफोन विनिर्माण में वृद्धि से निर्यात में इजाफा हुआ है। इसके अलावा, उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना की घोषणा और अमेरिकी कंपनी एपल के भारत में आईफोन विनिर्माण शुरू करने से भी निर्यात बढ़ाने में मदद मिली है।

शीर्ष-5 आपूर्तिकर्ताओं के निर्यात में गिरावट
चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीने में शीर्ष-5 आपूर्तिकर्ताओं से अमेरिका को स्मार्टफोन निर्यात घटकर 45.1 अरब डॉलर रह गया। 2022-23 की समान अवधि में इन देशों ने अमेरिका को 49.1 अरब डॉलर का स्मार्टफोन निर्यात किया था। शीर्ष-5 आपूर्तिकर्ताओं में भारत, चीन, वियतनाम, दक्षिण कोरिया और हांगकांग शामिल हैं। दक्षिण कोरिया से अमेरिका को निर्यात 85.8 करोड़ डॉलर से घटकर 43.2 करोड़ डॉलर रह गया। हांगकांग से निर्यात 13.2 करोड़ से कम होकर 11.2 करोड़ डॉलर पर आ गया।

About News Desk (P)

Check Also

शुरुआती झटकों के बाद बाजार में हरियाली लौटी; सेंसेक्स 486 अंक चढ़ा, निफ्टी 22550 के पार

घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती झटकों के बाजवूद दमदार क्लोजिंग हुई। लगातार पांचवें ...