Breaking News

आहार की ये चीजें कम कर सकती हैं कोर्टिसोल का स्तर, तनाव-चिंता में मिलेगा आराम

तनाव-चिंता जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं पर अगर ध्यान न दिया जाए तो इससे अवसाद जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। पर क्या आप जानते हैं कि आखिर ये समस्याएं होती क्यों हैं? मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर में कोर्टिसोल नामक हार्मोन का स्तर सामान्य से अधिक हो जाने के कारण चिंता-तनाव का खतरा बढ़ सकता है। नकारात्मक परिस्थितियों में हमारा शरीर कोर्टिसोल हार्मोन स्रावित करने लगता है जो तनाव-चिंता को बढ़ाने का कारण बनती हैं। आप लाइफस्टाइल और आहार में कुछ सामान्य से बदलाव करके भी इस हार्मोन के स्तर को नियंत्रित कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि कोर्टिसोल हार्मोन के क्या कार्य हैं और इसे आहार के माध्यम से कैसे कंट्रोल किया जा सकता है?

कोर्टिसोल हार्मोन और इसके कार्य

कोर्टिसोल हार्मोन शरीर में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाता है। नींद के चक्र को ठीक रखने, शरीर में सूजन को कम करने के साथ-साथ कार्बोहाइड्रेट, वसा और प्रोटीन के उपयोग को नियंत्रित करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कोर्टिसोल वैसे तो शरीर के लिए कई प्रकार से आवश्यक है पर इसकी अधिकता के कारण मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा हो सकता है। कोर्टिसोल को बढ़ाने में आहार की भी विशेष भूमिका मानी जाती है। इसके स्तर को नियंत्रित रखने के लिए आइए जानते हैं कि किन चीजों के सेवन से लाभ पाया जा सकता है?

विटामिन-बी वाले खाद्य पदार्थ जरूरी

क्लीवलैंड क्लीनिक द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार आहार में विटामिन-बी वाली चीजों को आहार का हिस्सा बनाना कोर्टिसोल के स्तर को ठीक रखने में सहायक हो सकता है। साबुत अनाज और कुछ पशु आधारित स्रोतों में विटामिन-बी होता है, विशेष रूप से विटामिन-बी12 कोर्टिसोल के मेटाबॉलिज्म में मदद करता है। चिकन, अंडे, मांस आदि के सेवन से शरीर में आसानी से इसकी पूर्ति की जा सकती है।

ओमेगा-3 फैटी एसिड जरूरी

ओमेगा-3 फैटी एसिड को मस्तिष्क की सेहत के लिए आवश्यक माना जाता है। ये शरीर में इंफ्लामेशन को कम करने में भी मददगार है। आहार विशेषज्ञ गरिमा चंदेला बताती हैं इसका सबसे अच्छा स्रोत वसायुक्त मछलियां मानी जाती हैं। आप इसे कुछ पौधों पर आधारित स्रोतों से भी प्राप्त कर सकते हैं। एवोकाडो, चिया सीड्स, ऑलिव ऑयल, अखरोट को आहार का हिस्सा बनाना भी आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।

मैग्नीशियम वाली चीजें हैं फायदेमंद

मैग्नीशियम वाली चीजें शरीर में सूजन को कम करने, कोर्टिसोल का मेटाबॉलिज्म करने और मस्तिष्क को स्वस्थ रखने में फायदेमंद हो सकती हैं। इसके लिए आहार में एवोकाडो, केले, ब्रोकली, डार्क चॉकलेट और कद्दू के बीज को शामिल किया जा सकता है। मैग्नीशियम वाली चीजों के सेवन से संपूर्ण शरीर को लाभ मिल सकता है।

About News Desk (P)

Check Also

युवाओं में इन दो वजहों से बढ़ रही हैं किडनी की बीमारियां, कहीं आप भी तो नहीं हैं शिकार?

किडनी की बीमारियों पर अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो इसके जानलेवा दुष्प्रभाव ...