Breaking News

योगी मंत्रीमंडल में बढ़ सकते हैं 17 मंत्री

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की शाम को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मुलाकात की। आधे घंटे की इस मुलाकात की हालांकि कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन समझा जाता है कि मुख्यमंत्री ने आगामी दिनों में होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार की तारीख व समय समेत दूसरे कई मुद्दों पर चर्चा की। प्रदेश सरकार ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया है।

मंत्रिमंडल विस्तार के रूप

इस बातचीत का परिणाम जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार के रूप में सामने आ सकता है। कई खाली पड़े संवैधानिक पदों को भी भरा जाना है। फागू चौहान के बिहार का राज्यपाल बनने के बाद राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष पद खाली है। इसके साथ ही योगी मंत्रिमंडल का विस्तार काफी दिनों से लंबित है। कभी लोकसभा चुनाव तो कभी विधानमंडल सत्र के कारण मंत्रिमंडल विस्तार टलता रहा है। इस समय योगी मंत्रिमंडल में 43 मंत्री हैं। इस तरह 17 लोगों को और मंत्री बनाया जा सकता है।

माना जा रहा है कि इस बार मंत्रिमंडल में आधा दर्जन नए चेहरे भी होंगे। कदाचरण के आरोपों से घिरे दो से चार मंत्रियों को हटाकर साफ-सुथरी छवि वाले विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा। हटने वाले मंत्रियों को संगठन में लगाया जाएगा तो संगठन के दो बड़े पदाधिकारियों को मंत्रिमंडल में स्थान दिया जाएगा। इसी के साथ कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी होगा।

दो स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों को अच्छा काम करने पर काबीना मंत्री बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री कुछ मंत्रियों के कामों और अपने विभाग के अफसरों पर नियंत्रण न होने से नाखुश हैं। ऐसे मंत्रियों पर गाज गिरना तय है।

दिल्ली में शुक्रवार रात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह व प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार की हरी झंडी दे दी है।

About Samar Saleel

Check Also

प्रभु श्रीराम से जुड़ी सभी स्थलों की जानकारी रखनी होगीः प्रो प्रतिभा गोयल

• अयोध्या केवल शहर ही नही बल्कि भावनाओं का शहरः नगर आयुक्त संतोष कुमार • ...