Breaking News

पीएम मोदी का भारतीय समुदाय ने किया स्वागत, थाई रामायण देख हुए गदगद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दो दिवसीय यात्रा पर थाईलैंड पहुंचे। वे यहां छठवें बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। बैंकॉक पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने सभी भारतीयों का अभिवादन किया। इसके बाद पीएम मोदी ने थाई रामायण रामकियेन का प्रदर्शन देखा। थाई रामायण देख वह गदगद नजर आए।

एयरपोर्ट पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री मोदी बैंकॉक के होटल पहुंचे। इस दौरान भारतीय प्रवासियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने कहा कि बैंकॉक में भारतीय समुदाय द्वारा गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए आभारी हूं।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि भारत और थाईलैंड के बीच एक गहरा सांस्कृतिक बंधन है जो हमारे लोगों के माध्यम से फलता-फूलता रहता है। यह देखकर खुशी हुई कि यह संबंध यहां इतनी मजबूती से परिलक्षित होता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामायण के थाई संस्करण रामकियेन का प्रदर्शन देखा। उन्होंने कहा कि एक ऐसा सांस्कृतिक जुड़ाव जो किसी और से नहीं मिलता। थाई रामायण, रामकियेन का एक आकर्षक प्रदर्शन देखा। यह वास्तव में समृद्ध अनुभव था जिसने भारत और थाईलैंड के बीच साझा सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को खूबसूरती से प्रदर्शित किया। रामायण वास्तव में एशिया के इतने सारे हिस्सों में दिलों और परंपराओं को जोड़ना जारी रखती है।

कार्यक्रम के दौरान थाईलैंड के छात्रों के एक समूह ने भरत नाट्यम और थाईलैंड के खोन के संलयन के जरिये रामकियेन का प्रदर्शन किया। रामायण का भारत और थाईलैंड दोनों में काफी महत्व है। थाई संस्करण में भगवान राम को फ्रा राम कहा गया है। दोनों में बलिदान, कर्तव्य, भक्ति, बुराई पर अच्छाई की जीत को दिखाया गया है। एक कलाकार ने कहा कि हम बहुत खुश हैं कि हम प्रधानमंत्री और अतिथियों के सामने रामायण और रामकियेन का प्रदर्शन कर रहे हैं।

About News Desk (P)

Check Also

पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल हुईं राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) परम पावन पोप फ्रांसिस (Pope Francis) के राजकीय अंतिम ...