लखनऊ। ख़्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय (KMCBU) की राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) इकाई द्वारा शनिवार को ‘माई युवा भारत @ युवा शक्ति विकसित भारत’ (‘My Yuva Bharat @ Yuva Shakti Vikasit Bharat’) विषय पर एक वेबिनार (Webinar) का सफल आयोजन किया गया। इस वेबिनार का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स को भारत सरकार की नवीनतम पहल ‘My Yuva Bharat’ के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें विकसित भारत @ 2047 के दृष्टिकोण से जोड़ना था।
कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय की एनसीसी इकाई की देखरेख में किया गया, जिसमें एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ बुशरा अलवेरा ने संयोजक एवं मार्गदर्शक की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए भारत सरकार की इस योजना की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि “माई युवा भारत” का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें नेतृत्व के अवसर प्रदान करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करना है।
डॉ बुशरा अलवेरा ने बताया कि विकसित भारत @ 2047 भारत सरकार की वह दूरदर्शी योजना है, जिसके अंतर्गत देश को स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ तक एक समृद्ध, समावेशी, टिकाऊ और पूर्ण विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका सबसे अहम मानी गई है, क्योंकि वही राष्ट्र के निर्माण की असली शक्ति हैं।
वेबिनार के दौरान विभिन्न एनसीसी कैडेट्स ने विषय से संबंधित अपने विचार, सुझाव एवं अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे वे अपनी शिक्षा, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्वों के माध्यम से देश की उन्नति में योगदान देना चाहते हैं। विचार-विमर्श के इस संवादात्मक सत्र ने न केवल कैडेट्स की नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित किया बल्कि उनके आत्मविश्वास एवं संवाद कौशल को भी निखारा।