लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (BJP) भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर सम्मान अभियान (Ambedkar Samman Abhiyan) का शुभारम्भ रविवार, 13 अप्रैल से करेगी। राजधानी स्थित भागीदारी भवन (Bhaagidari Bhavan) में आयोजित अभियान की कार्यशाला को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath), प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी (State BJP President Bhupendra Singh Chaudhary) , उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (Deputy CM Brajesh Pathak) और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य तथा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनव प्रकाश संबोधित करेंगे। कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सम्मिलित रहेंगे।
प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक रामप्रताप सिंह चौहान ने बताया कि भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर सम्मान अभियान के अन्तर्गत रविवार को बाबा साहेब के प्रतिमा स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके पश्चात रात्रि में बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्जवलित किये जायेंगे। 14 अप्रैल को भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि स्थानीय नागरिकों के साथ अम्बेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करके कृतज्ञ नमन करेंगे तथा संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया जाएगा।
रामप्रताप सिंह चौहान ने बताया कि अभियान के तहत 15 अप्रैल से 25 अप्रैल तक जिला स्तर पर डॉ अम्बेडकर के सम्मान में संगोष्ठियां आयोजित की जायेंगी। अभियान की प्रदेश टोली में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ धर्मेन्द्र सिंह, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र कनौजिया, प्रदेश मंत्री शंकर लोधी तथा प्रदेश मंत्री पूनम बजाज को जिम्मेदारी सौंपी गई है।