Breaking News

उप मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ

फिरोजाबाद। जनपद में शनिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हुआ। उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री बृजेश पाठक ने फिरोजाबाद जिला मुख्यालय पर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का उद्घाटन किया। गौरतलब है कि पिछले वर्ष इसी समय फिरोजाबाद में रहस्यमई और डेंगू बुखार से कई नौनिहालों की मौत हो गई थी। इन घटनाओं की पुनरावृत्ति होने से बचने के दृष्टिगत उप मुख्यमंत्री ने शनिवार को जनपद के मुख्यालय पर विशेष संचारी रोग अभियान को हरी झंडी दिखाई।

उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चिकित्सकों से कहा कि आप हमारा परिवार हैं। कोई दिक्कत हो तो सांसद व विधायकों को बताएं, लेकिन मरीज की जान अवश्य बचाएं। मरीजों की जान बचाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार प्रेमी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान 30 अप्रैल चलेगा। इस दौरान वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान बुखार, टीबी, कोविड आदि लक्षणों वाले व्यक्ति के बारे में घर-घर जाकर पूछताछ की जाएगी। लक्षण मिलने पर चिह्नित कर उन्हें अस्पताल भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नि:शुल्क एंबुलेंस की सेवा भी उपलब्ध रहेगी। लक्षण मिलने वाले व्यक्ति का पूरा नाम पता और मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय तक भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत ही जनपद में 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलेगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर बीमार लोगों के बारे में जानकारी लेगी और 12 साल से अधिक आयु के जिन लोगों को कोविड टीका नहीं लगा है, उन्हें कोविड टीका से प्रतिरक्षित किया जाएगा। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. वीडी अग्रवाल, जिला सलाहकार डॉ रबीश कुमार सिंह, सौरभ जैन, प्रदीप कुमार, सुधीर कुमार, डीपीएम मो. आलम, डीसीपीएम रवि कुमार, अरविंद चौधरी, शाहरुन अंसारी, जिला पीपीएम समन्वयक मनीष यादव आदि उपस्थित रहे।

कुपोषित भी होंगे चिन्हित

वेक्टर बार्न रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान आशा, आंगनवाड़ी और संगिनी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों की सूची बनाएंगी। फिर यह सूची ए.एन.एम के जरिए ब्लॉक मुख्यालय पर भेजी जाएगी। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से पोषण पुनर्वास केंद्रों पर उपचार एवं पोषण उपलब्ध कराता है।

अन्य विभाग भी करेंगे मदद

जिला मलेरिया अधिकारी एसके गुप्ता ने बताया कि चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग, नगर पंचायत विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना और उद्यान विभाग की सहभागिता रहेगी। सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। जहां भी मच्छर पनपने की संभावना होगी। वहां निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट-मयंक शर्मा

About Samar Saleel

Check Also

कॉलोनाइजर ने सिंचाई विभाग की टीम को बनाया बंधक, जूतों से पीटा; अवैध पुलिया ढहाने के दौरान वारदात

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में रजवाहा पर अवैध पुलिया ढहाने गए सिंचाई विभाग के ...