Breaking News

GST कलेक्शन दिसंबर में 1.15 लाख करोड़ रुपए की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा: वित्त मंत्रालय

अनलॉक के बाद आर्थिक गतिविधियों में लगातार सुधार हो रहा है। यही कारण है कि दिसंबर में भी महीने में वस्तु एवं सेवा कर (GST) संग्रह रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी डाटा के मुताबिक, दिसंबर 2020 में 1.15 लाख करोड़ रुपए का जीएसटी संग्रह रहा है। पिछले साल इसी महीने हुए जीएसटी कलेक्शन से यह 12 फीसदी ज्यादा है। इससे पहले अक्टूबर में 1,05,155 करोड़ रुपए और नवंबर में 1,04,963 करोड़ रुपए का GST कलेक्शन रहा था।

वित्त मंत्रालय का कहना है कि GST प्रणाली लागू होने के बाद दिसंबर में सबसे ज्यादा कलेक्शन रहा है। इससे पहले अप्रैल 2019 में सबसे ज्यादा 1,13,866 करोड़ रुपए का कलेक्शन रहा था। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि दिसंबर 2020 के महीने में सकल GST राजस्व संग्रह 1,15,174 करोड़ रुपए रहा है, जिसमें CGST- 21,365 करोड़, SGST- 27,804 करोड़ रुपए, IGST- 4 57,426 करोड़ रुपए (माल के आयात पर एकत्र 27,050 करोड़ रुपए सहित) और 8,579 करोड़ रुपए उपकर (माल के आयात पर एकत्र 971 करोड़ रुपए) है। नवंबर महीने के लिए 31 दिसंबर 2020 तक दाखिल किए गए GSTR-3B रिटर्न की कुल संख्या 87 लाख है।

कैलेंडर ईयर 2020 में केवल 5 महीनों में GST कलेक्शन 1 लाख करोड़ रुपए के पार रहा है। इसमें दो महीने कोविड-19 से पहले और तीन महीने अनलॉक के बाद के शामिल हैं। वित्त मंत्रालय के डाटा के मुताबिक, जनवरी 2020 में सबसे ज्यादा 1,10,828 करोड़ रुपए GST कलेक्शन रहा था। इसके अगले महीने फरवरी में 1,05,366 करोड़ रुपए का कलेक्शन रहा था। अनलॉक के बाद अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में कलेक्शन 1 लाख करोड़ रुपए रहा है।

अप्रैल में सबसे कम कलेक्शन रहा
मार्च में कोविड-19 के कारण लगाए गए लॉकडाउन से GST कलेक्शन प्रभावित रहा था और यह 1 लाख करोड़ रुपए से कम होकर 97,597 रुपए रह गया था। अप्रैल में सबसे कम 32,172 करोड़ रुपए का GST कलेक्शन रहा था। हालांकि, इसके बाद GST कलेक्शन में लगातार सुधार रहा है।

 

About Aditya Jaiswal

Check Also

शेयर बाजार में मजबूत क्लोजिंग; सेंसेक्स 941 अंक चढ़ा, निफ्टी 22650 के करीब

शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन दमदार शुरुआत हुई है। शुक्रवार को लाल ...