Breaking News

झाड़-फूंक के चक्कर में दे डाली ग्वालियर के युवक की बलि, इस हालत में मिली लाश

मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के बहोड़ापुर थाना इलाके के सागर ताल सरकारी मल्टी के समीप रक्कस पहाड़ी पर एक शख्स की बलि दिए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस ने भी इस क़त्ल को बेहद संदेहास्पद मानते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि अन्धविश्वास और झाड़फूंक के चलते बलि दी गई है।

मृतक लाल सिंह दो दिन से अपने घर से गायब था। प्रातः रक्कस पहाड़ी पर मवेशी चराने गए एक शख्स ने जब सुनसान क्षेत्र में झाड़ियां के बीच लाश पड़ी देखी तो उसने लाल सिंह के घर वालों को इसकी खबर दी क्योंकि मृतक का हुलिया लाल सिंह से मिलता था। लाल सिंह राय कॉलोनी घास मंडी का रहने वाला बताया गया है। तत्पश्चात, घर वालों ने पुलिस को खबर दी तथा मौके पर पहुंचे। विशेष बात यह है कि वहां लाल सिंह जमीन पर औंधे मुंह पड़ा हुआ था, उसके चेहरे को बुरी तरह से चोटिल किया गया था। वहीं उसके दोनों कान कटे हुए थे। चेहरे पर एक मिट्टी का सकोरा यानी बड़ा सा दिया रखा हुआ था, जिस पर सिंदूर लगा हुआ था। वहीं पास में एक बाइक की चाबी, लेजम, एक फनर तथा शराब के खाली बोतल भी मिली हैं। एक सकोरा यानी मिट्टी का दिया मृतक लाल सिंह के पेट पर भी उल्टा रखा हुआ था।

वही आशंका जताई जा रही है कि किसी ने तंत्र-मंत्र के चक्कर में लाल सिंह की बलि दी है। परिजनों ने संदेह के आधार पर एक शख्स का नाम बताया है जो अपने घर से फिलहाल गायब है। पुलिस ने शव को पंचनामे के पश्चात् पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। प्राप्त खबर के मुताबिक, मृतक लाल सिंह शनिवार रात 9 बजे से गायब था। रविवार थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी घर के लोगों ने दर्ज कराई थी। इस बीच प्रातः उसका शव रक्कस पहाड़ी पर सरकारी मल्टी के नजदीक पड़ा मिला। मृतक लाल सिंह की आयु 40 वर्ष थी तथा वह मजदूरी करता था। फिलहाल शक के आधार पर मृतक के परिजनों ने जिस शख्स का नाम बताया है उसे तलाशा जा रहा है। उससे पूछताछ के पश्चात् स्थिति साफ हो सकेगी।

About News Desk (P)

Check Also

दो-दिवसीय डा जगदीश गांधी मेमोरियल मूट कोर्ट कान्क्लेव का भव्य समापन

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल गोमती नगर प्रथम कैम्पस के तत्वावधान में आयोजित दो-दिवसीय डा जगदीश ...