गाजियाबाद नगर निगम द्वारा दीपावली पर्व पर सभी व्यवस्थाओं को बनाए रखा गया एवं उसी के क्रम में छठ महापर्व को भी व्यवस्थित बनाने के लिए नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर तथा अन्य अधिकारियों ने छठ पूजा के लिए घाटों का निरीक्षण किया। पुरबिया जन कल्याण समिति की अध्यक्ष रीता सिंह, महासचिव राकेश तिवारी, व अन्य पदाधिकारियों द्वारा बताई गई आवश्यकतानुसार नगर आयुक्त के निर्देशन में छठ घाटों पर कार्य चल रहा है। जिसमें शहर वासियों का भी विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।
छठ घाटों का मरम्मत कार्य, सौंदर्य करण, प्रकाश व्यवस्था छठ घाटों की सफाई व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था व अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं गाजियाबाद नगर निगम द्वारा समस्त छठ घाटों पर कराई जा रही है। महापौर आशा शर्मा के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं के वस्त्रों को बदलने की व्यवस्था भी बेहतर कराई गई है, जिससे महिला श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
समस्त पार्षदों से अपील की गई है कि छठ महापर्व को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करें जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो पाए।
नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम के समस्त पार्षदों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में छठ घाटों की देख रेख की जा रही है।वहां नियमित फागिंग भी कराई जा रही है।क्षेत्रवासियों में छठ पर्व को लेकर बहुत ही उल्लास है और बहुत ही धूमधाम से छठ पर्व इस वर्ष मनाया जाएगा। हिंडन छठ घाट जो कि शहर का मुख्य छठ घाट है जहां पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र होते हैं।
उनके लिए विशेष रूप से गाजियाबाद नगर निगम द्वारा अधिकारियों की तैनाती भी की गई है, ताकि पूजा के समय किसी को भी असुविधा ना हो। पीने के पानी की व्यवस्था के साथ साथ शौचालय की व्यवस्था भी छठ घाटों पर कराई गई है।
रिपोर्ट-अनुज प्रताप सिंह