Breaking News

प्रज्ञानंद vs अर्जुन एरिगेसी, जब प्रधानमंत्री मोदी के सामने भिड़े दो महारथी; चेस चैंपियंस से मिले पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने आवास पर भारत की 45वीं शतरंज ओलंपियाड विजेता टीम के दो सदस्यों आर प्रज्ञानंद और अर्जुन एरिगेसी के बीच शतरंज के खेल का आनंद लिया। हाल ही में हुए शतरंज ओलंपियाड में भारत की पुरुष और महिला टीमों ने अपने-अपने वर्गों में पहली बार स्वर्ण पदक हासिल करके इतिहास रच दिया था। भारत ऐसा सिर्फ तीसरा देश बना, जिसने चेस ओलंपियाड में पुरुष और महिला टीम स्पर्धाओं में एकसाथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) शतरंज ओलंपियाड में सफलता का जश्न मनाने के लिए बुधवार को अपने आवास पर भारतीय पुरुष और महिला शतरंज टीमों से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर प्रज्ञानंद और अर्जुन का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह शतरंज खेल रहे हैं। इसके कैप्शन में लिखा है, ‘दो ग्रैंडमास्टर्स के बीच बुलेट शतरंज। अविश्वसनीय! भारत का शतरंज का भविष्य बहुत उज्ज्वल है।’ चेस ओलंपियाड में पुरुषों की प्रतियोगिता में संयुक्त राज्य अमेरिका ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि उज्बेकिस्तान ने कांस्य पदक जीता। महिलाओं की प्रतियोगिता में कजाखस्तान ने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि संयुक्त राज्य अमेरिका ने कांस्य पदक जीता।

टूर्नामेंट के अंतिम दौर में भारतीय पुरुष टीम, जिसमें डी गुकेश, आर प्रज्ञानंद, अर्जुन एरिगेसी, विदित गुजराती और पेंताला हरिकृष्णा शामिल थे, ने स्लोवेनिया को हराकर स्वर्ण पदक जीता। गुकेश और अर्जुन की जीत ने भारत को 2-0 की बढ़त दिलाते हुए स्वर्ण पदक दिलवाया। प्रज्ञानंद ने बाद में अपना गेम जीता और विदित ने अपना गेम ड्रॉ किया, जिसके परिणामस्वरूप भारत ने 3.5-0.5 से जीत दर्ज की।

About News Desk (P)

Check Also

शतरंज ओलंपियाड में इतिहास रचने वाले भारतीय धुरंधरों से मिले पीएम मोदी, स्वर्ण जीतने की दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को शतरंज ओलंपियाड 2024 में इतिहास रचने वाले भारतीय धुरंधरों ...