Breaking News

आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के लिए नगर निगम में सचिव स्तर की बैठक संपन्न

लखनऊ। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के संबंध में सचिव, नगर विकास विभाग अनिल कुमार एवं नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह द्वारा आज नगर निगम मुख्यालय स्थित नवीन समिति कक्ष में एक बैठक की गयी।

बैठक में अपर नगर आयुक्त अभय कुमार पाण्डेय, अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह, अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव, संयुक्त नगर आयुक्त अवनींद्र सिंह, सहायक नगर आयुक्त यमुनाधर चौहान, मुख्य अभियंता सिविल महेश वर्मा, मुख्य अभियंता (वि/या एवं आर.आर.) संजय कटियार, संयुक्त निदेशक पशु कल्याण डॉ. अरविन्द राव, समस्त जोनल अधिकारी, समस्त नगर अभियंता के साथ-साथ लखनऊ जिले की नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में आयोजन के प्रबंधन पर विचार-विमर्श एवं चर्चा उपरांत निम्नवत् निर्देश दिये गयेः

1- आजादी का अमृत महोत्सव के क्रम में दिनांक 12.08.2022 को प्रातः 7.00 बजे से 1090 चौराहे पर तिरंगा यात्रा का आयोजन नगर निगम द्वारा किया जा रहा है, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मा. नगर विकास मंत्री जी द्वारा प्रतिभाग किया जायगा तथा मा. महापौर जी द्वारा उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता की जायगी।

2- आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत शहर के मुख्य मार्गो पर लगे लगभग 3228 खम्भों, चौराहो तथा नगर निगम के समस्त भवनों को ट्राईकलर लाइट से सजाया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम के पर्यवेक्षण हेतु मार्ग प्रकाश विभाग की टीमों का गठन करने के निर्देश दिये गये जिससे किसी भी स्थल पर लाइटें खराब अथवा बंद होने की स्थिति में तुरन्त ठीक करायी जा सके।

3- हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अन्तर्गत निर्धारित लक्ष्य के अनुसार लगभग 2.50 लाख झण्डों को जोनल अधिकारियों के माध्यम से हर घर/प्रतिष्ठानों/स्कूलों एव अन्य में वितरण किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। प्रत्येक जोन में झण्डों के वितरण के सम्बन्ध में एक रजिस्टर में झण्डा प्राप्त करने वाले का नाम, पता तथा झण्डे की संख्या आदि का विवरण अंकित किये जाने के निर्देश दिये गये।

4- अवगत कराया गया कि शहर में स्थापित एल.ई.डी. स्क्रीन पर आजादी का अमृत महोत्सव का प्रचार-प्रसार कराते हुए देश भक्ति के गीतों का प्रसारण कराया जायेगा तथा इस सम्बन्ध में होर्डिग भी लगायी जायेगी।

5- दिनांक 15.08.2022 को प्रातः 7.00 बजे नगर के चौराहों के ट्रैफिक को रोककर स्मार्ट सिटी से लगे आई.टी.एम.एस. के माध्यम से राष्ट्रीयगान का प्रसारण किया जायेगा। दिनांक 15.08.2022 को सायं 7.00 बजे नगर निगम द्वारा झूलेलाल वाटिका में कान्हा उपवन में गोबर से तैयार किए गए 7500 दीपों से अमृत महोत्सव का लोगो बनाकर कार्यक्रम कराया जायेगा तथा सायंकाल स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 1090 चौराहे पर अतिशबाजी की व्यवस्था नगर निगम द्वारा करायी जायेगी।

6- नगर निगम लखनऊ द्वारा 06 संख्या में अमृत सरोवरों का निर्माण कराया गया है जिसमें 02 सरोवरों पर आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर झण्डारोहण का कार्यक्रम किया जायगा तथा स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये जायेंगे।

7- आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर नगर निगम द्वारा संचालित विद्यालयों/डिग्री कालेजों में दिनांक 11.08.2022 से 17.08.2022 तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम यथा पोस्टर प्रतियोगिता, निबन्ध प्रतियोगिता, प्रभात फेरी, तिरंगा पद यात्रा, तिरंगा साईकिल रैली, तिरंगा रक्षा सूत्र एवं चित्रकला प्रतियोगिता आदि का आयोजन किया जा रहा है।

8- बैठक में उपस्थित नगर पालिका परिषद काकोरी, अमेठी, बी.के.टी., नगराम, गोसाईगंज, बंथरा एवं महोना के अधिशासी अधिकारियों द्वारा अपने नगर पंचायतों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सम्बन्ध में सचिव महोदय को अवगत कराया गया। इस सम्बन्ध में सचिव महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि उक्त अवसर पर प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के सम्बन्ध में मीडिया एवं समाचार-पत्रों में प्रकाशन भी कराये।

बैठक में अन्त में सचिव महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वृहद रूप से मनाया जा रहा है जिसमें इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखा जाय कि झण्डा रोहण कार्यक्रम के उपरान्त राष्ट्रीय ध्वज को इधर-उधर न डाला जाय। साथ ही ध्वजा रोहण के मुख्य आयोजन स्थलों की साफ-सफाई तत्काल सुनिश्चित करायी जाय। नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी अपनी नगर पंचायतों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करें।

About reporter

Check Also

कश्मीरी माइग्रेंट और एनआरआई अभ्यर्थी छह जुलाई तक करा सकते हैं पंजीकरण

लखनऊ। डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (Dr. APJ Abdul Kalam Technical University) से संबद्ध ...