Breaking News

जन समस्याओं से सम्बन्धित 11-सूत्रीय मांगो को लेकर सपा द्वारा धरना

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर गूंगी-बहरी भाजपा सरकार को जगाने के लिए जनसमस्याओं से सम्बन्धित 11-सूत्रीय मांगो को लेकर प्रत्येक जनपद में तहसील स्तर पर समाजवादी पार्टी द्वारा धरना दिया जाएगा। वहीं 02 अक्टूबर 2019 को पूर्वांह्न जीपीओ पार्क, हजरतगंज, लखनऊ में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास उनके प्रिय भजनों, राष्ट्रगान तथा देश प्रेम के अन्य गीतो के साथ गांधीजी के जीवनदर्शन पर चर्चा करते हुए उनकी कल्पना के भारत के निर्माण के लिए संकल्प लिया जाएगा। सभी जिला मुख्यालयों पर भी यह कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।


01 अक्टूबर 2019 को तहसील स्तर पर बढ़ती मंहगाई, भ्रष्टाचार, किसानों की बदहाली, नौजवानों की बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था तथा पूर्व मंत्री, सांसद मोहम्मद आजम खां और उनके द्वारा स्थापित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के विरूद्ध बदले की कार्यवाही के विरोध में समाजवादी पार्टी विशाल धरना देगी। इस दिन तहसील स्तर पर आयोजित धरना कार्यक्रम में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सरकारी तौरपर आर्थिक मदद न होने की स्थिति में इस मुद्दे को भी ज्ञापन में सम्मिलित किया जाएगा।

धरना शांतिपूर्ण और बड़ी संख्या में जनभागीदारी के साथ सम्पन्न होगा। इसमें भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश किया जाएगा। स्मरणीय है, विगत 09 अगस्त 2019 को प्रदेश की जनसमस्याओं को लेकर जिला मुख्यालयों पर समाजवादी पार्टी ने शांतिपूर्ण धरना दिया था परन्तु सरकार निष्क्रिय बनी रही। उल्टे उसने 01 सितम्बर 2019 से बिजली की दरों में भारी बढ़ोत्तरी कर दी। ट्रैफिक सुधार के नाम पर लम्बे जुर्माने लगाए जाने लगे, बदले की भावना से मोहम्मद आजम खां और उनके परिवार के प्रति फर्जी मुकदमों को दर्ज किया जाना जारी है।

उत्तर प्रदेश में विकास कार्य बंद है। मंहगाई चरम पर है। किसान आज भी कर्ज के बोझ से दबा आत्महत्या कर रहा है। नौजवानों के सामने धुंधला भविष्य है। उद्योग धंधे बंद हो रहे हैं। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। बलात्कार, हत्या, लूट की घटनाएं थम नहीं रही है। अल्पसंख्यकों की स्थिति दयनीय है। शाहजहांपुर में पीड़िता न्याय के लिए गुहार लगा रही है। उल्टे उसे ही जेल भेज दिया गया है। आरोपी को रियायतें दी जा रही हैं। भाजपा सरकार इंसाफ की आवाज दबा रही है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने बताया है कि 02 अक्टूबर 2019 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 150वीं वर्षगांठ पर समाजवादी पार्टी जीपीओ पार्क, हजरतगंज, लखनऊ में गांधीजी की प्रतिमा के समक्ष देशप्रेम के गीतों के अलावा राष्ट्रगान और बापू के प्रिय भजनों के गायन के साथ उनके आदर्शों पर चलकर नए भारत के निर्माण का भी संकल्प लेगी। इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उपस्थित रहेंगे। 02 अक्टूबर के अवसर पर समाजवादी पार्टी की ओर से सभी जिला मुख्यालयों पर गांधी जयंती का आयोजन होगा। गांधीजी ने जिस भारत का सपना देखा था उसमें ग्रामस्वराज की कल्पना थी, अंत्योदय पर बल था, सामाजिक सद्भाव था और श्रमशक्ति का सम्मान था। उनके इन सिद्धांतों पर चर्चा भी की जाएगी।

About Samar Saleel

Check Also

भाजपा ने यूपी में चुनाव प्रचार के लिए नियुक्त किए स्टार प्रचारक, राजस्थान व एमपी के सीएम भी करेंगे प्रचार

यूपी में लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण में आठ सीटों पर मतदान होगा जिसके ...