Breaking News

नींव खोदते समय दूसरे प्लाट की दीवार ढही, दो राजमिस्त्री की मौत, मृतकों के परिजन बेहाल

फर्रुखाबाद:  नींव खोदाई के बाद पिलर लगाने के लिए नापजोख करते समय पड़ोसी निर्माणाधीन मकान की दीवार ढह गई।इसमें दबकर दो राजमिस्त्री की मौत हो गई। वहीं दो अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका में दो घंटे से अधिक समय तक ऑपरेशन चला। अन्य दबा न मिलने पर राहत की सांस ली।

कमालगंज निवासी शिक्षक राघव दुबे का कादरीगेट थाने के मोहल्ला अंडियाना में प्लाट है।उन्होंने मकान बनवाने के लिए नींव की खोदाई करवाई थी। सोमवार सुबह से दो राजमिस्त्री अन्य श्रमिकों के साथ पिलर लगाने को नापजोख कर रहे थे।तभी शाम करीब साढ़े तीन बजे पड़ोस में ही जहानगंज के झसी निवासी अमरीश तिवारी के निर्माणाधीन मकान की करीब 15 फीट ऊंची दीवार ढह गई। इसमें नींव में काम कर रहे दोनों राजमिस्त्री दब गए। जबकि दो अन्य मजदूर भागने में सफल रहे।

सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने नगर पालिका की जेसीबी मंगवाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कुछ ही देर में नींव में दबे अंडियाना (लालबाग) निवासी राजमिस्त्री ठेकेदार इशरत (50) और बढ़पुर निवासी रंजीत जाटव (50) को निकालकर लोहिया अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों ने दो और दबे होने की जानकारी दी। इस पर शाम साढ़े पांच बजे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

मगर कोई भी दबा न मिलने पर राहत की सांस ली। दोनों मृतकों के परिजन बेहाल हैं। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, एसपी आलोक प्रियदर्शी, एसडीएम न्यायिक रजनीकांत पांडेय, सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय, कादरीगेट, सदर कोतवाली, मऊदरवाजा थानाध्यक्ष समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि दीवार गिरी है। उसमें दो लोगों के दबे होने की सूचना मिली है।दोनों के शव निकाल लिए गए हैं। अन्य दो के दबे होने की आशंका में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कोई और नहीं मिला है।

About News Desk (P)

Check Also

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणाप्रद है- केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ,(दया शंकर चौधरी)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav ...