Breaking News

देहरादून बुटीक संचालिका कामना रोहिला की हत्या की साजिश का पर्दाफाश

बुटीक संचालिका कामना रोहिला की हत्या की गुत्थी सुलझने के करीब पहुंच गई है। जांच में सामने आई बातों और तकनीकी साक्ष्यों की कड़ी से कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

देहरादून बुटीक संचालिका कामना रोहिला की हत्या की गुत्थी सुलझने के करीब पहुंच गई है। वारदात की रात माता मंदिर रोड स्थित कामना के घर पर क्या हुआ था, कोई आया भी था या नहीं। इन सब सवालों के जवाब मिल गए हैं। अब केवल पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना की रात 11.30 बजे से लेकर 11.50 बजे के मध्य बीस मिनट के दौरान क्या-क्या हुआ था।

हत्या के बारे में भी पुलिस को काफी जानकारी मिल चुकी है, मगर जांच में सामने आई बातों को तकनीकी साक्ष्यों से साबित करना बाकी है। ऐसे में माना जा रहा है जल्द पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर सकती है।

कामना हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के करीब पहुंची पुलिस को अब केवल चंद सवालों के जवाब मिलना और तकनीकी साक्ष्यों के जरिये उसकी पुष्टि कराने व दोनों की कड़ियों को जोड़ने का ही काम बाकी रह गया है। इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस कामना के घर 29 अगस्त की रात साढ़े 11 बजे से लेकर 11.50 बजे तक के घटनाक्रम का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस का मानना है कि कामना की हत्या साढ़े ग्यारह बजे से पांच-दस मिनट पहले हुई थी। इससे पहले कामना और उसके पति दोनों की ही अलग-अलग लोगों से बात हुई थी। मगर 11.30 बजे के बाद बीस मिनट तक सबकुछ शांत रहा।

पुलिस का मानना है कि कामना की हत्या के बाद के इन बीस मिनट में हत्यारे ने डीवीआर ठिकाने लगाई और कैमरे भी तोड़े। पुलिस को बताने के लिए पूरी कहानी सोची गई। पुलिस इस कहानी का खुलासा करने के साथ उस चेहरे से भी पर्दा हटा सकती है, जिसने कामना की हत्या की और उसके पति अशोक को गोली मारी। फिलहाल अशोक तो महंत इंद्रेश अस्पताल के वार्ड में है। उस पर नजर रखने के लिए नेहरू कॉलोनी थाने से दो कांस्टेबिल भी अस्पताल में तैनात कर दिए गए हैं।

यह है पूरा घटनाक्रम

कामना माता मंदिर रोड पर बुटीक चलाती थी, जबकि उसका पति अशोक उर्फ कपिल ट्रांसपोर्ट कारोबारी है। आरोप है कि 29 अगस्त की रात करीब 11.30 बजे अशोक की बुआ का लड़का रिंकू उर्फ अजय वर्मा निवासी अमन विहार, रायपुर अशोक के घर आया। उसके साथ दो लोग और थे। अशोक ने रिंकू को घर में बुला लिया। रिंकू के पानी मांगने पर अशोक किचन में पानी लेने चला गया।

तभी रिंकू ड्राइंग रूम से उठकर बेडरूम में गया और वहां अपनी तीन साल की बच्ची के साथ सो रही कामना के सिर से रिवाल्वर सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर अशोक वहां पहुंचा तो रिंकू ने अशोक पर भी फायर झोंक दिया। गोली अशोक की कमर को भेदते हुए पेट से पार हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस को अशोक ने बताया था कि वारदात को अंजाम देने के बाद रिंकू घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को भी उखाड़ ले गया है।

जल्द किया जाएगा खुलासा

देहरादून के एसएसपी अरुण मोहन जोशी के अनुसार, कामना हत्याकांड की जांच अंतिम चरण में है। जांच में सामने आई बातों और तकनीकी साक्ष्यों की कड़ी से कड़ी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

About News Room lko

Check Also

उद्धव ठाकरे का कांग्रेस और एनसीपी शरद पवार गुट से हाथ मिलाना है उनका आत्मघाती कदम- डॉ दिनेश शर्मा

• पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के कारण भाजपा कार्यकर्ता कहा जाता है सुपर वारियर ...