अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियोंं में रहने वाले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और रामपुर से सांसद आजम खान ने एक बार फिर विवादित टिप्पणी की है। दरअसल आजम खान ने मॉब लिंचिंग के लिए मुसलमानों के पाकिस्तान न जाने को कसूरवार ठहराया है।
आजम खान ने कहा कि मुसलमान 1947 के बाद भी सजा काट रहे हैं। अगर मुसलमान पाकिस्तान चले जाते तो उन्हें यह सजा नहीं मिलती। मुसलमान यहां हैं तो हैं, सजा तो भुगतेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज क्यों नहीं गए पाकिस्तान? उन्होंने इसे अपना वतन माना। अब उन्हें इसकी सजा तो मिलेगी और वो सहेंगे।
सपा सांसद आजम खान ने कहा कि 1947 में मुसलमान पाकिस्तान क्यों नहीं गए? ये मोलाना आजाद, पंडित जवाहर लाल नेहरू और सरदार पटेल से पूछिए क्योंकि इन लोगों ने मुसलमानों से वादे किए थे। साथ ही उन्होंने ने कहा कि बापू (राष्ट्रपिता महात्मा गांधी) की अपील पर मुसलमान पाकिस्तान नहीं गए थे। बापू ने मुसलमानों से कहा था कि ये देश तुम्हारा है, अगर बंटवारा बाकी के मुसलमान भी चाहते तो देश की ये शक्ल नहीं होती।
बता दें कि इन आजम खान भूमि विवाद को लेकर घिरे हुए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने दो दर्जन से भी अधिक मामलों में फंसे आजम खान को ‘भू-माफिया’ की लिस्ट में शामिल किया है।