Breaking News

फिरोजाबाद में सीएम योगी का राहुल पर निशाना, बोले- दादी के नारे को तोता की तरह रट रहा पोता

फिरोजाबाद:  फिरोजाबाद के सिरसागंज स्थित गिरधारी इंटर कॉलेज के मैदान पर भाजपा प्रत्याशी विश्वदीप सिंह के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिरसागंज वाले बाबा कालेश्वर की जय, बाबा नीम करोली की जय जयकार करते हुए संबोधन शुरू किया। उन्होंने कहा कि मुझे दूसरी बार फिरोजाबाद आने का सौभाग्य मिला है। दो चरण पूरे हो चुके हैं। तीसरे चरण के चुनाव में आपको मतदान करके इसमें सहभागी बनना है। दो चरणों के चुनाव में आठ राज्यों में गया हूं। हर जगह फिर एक बार मोदी सरकार का स्वर गूंज रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में 10 सालों के अंदर अभूतपूर्व कार्य हुआ है।

सीएम योगी ने कहा कि यहां से गठबंधन और बसपा ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं। क्या कांग्रेस और सपा के लोग राम मंदिर का निर्माण कर पाते। राम मंदिर बनने से सभी खुश हैं। राम मंदिर निर्माण में सबसे बड़े रोड़े कांग्रेस, सपा और बसपा थे। इन रोड़ों को आप ताज पहनाएंगे क्या? जो लोग ये कहते थे कि राम हुए ही नहीं। सपा के लोग कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता। अयोध्या में राम मंदिर और काशी में काशी विश्वनाथ का निर्माण हो गया है। मथुरा में जितनी भी भूमि है वह भगवान कृष्ण की भूमि है। कांग्रेस वाले कहते हैं कि वह विरासत टैक्स लगाएंगे। वह औरंगजेब के भी पिता हो गए हैं। उसने जजिया कर लगाया, ये विरासत टैक्स लगाएंगे। ये आपके हक पर डकैती है।

सीएम योगी ने कहा कि धार्मिकता के आधार पर देश का विभाजन हुआ था। कांग्रेस कहती है कि ओबीसी और एससी के आरक्षण के एक हिस्से को काटकर मुसलमानों को दे देंगे। जब ये सत्ता में थे तब कुछ नहीं कर पाए। देश की सीमाएं असुरक्षित थीं। आतंकवाद और नक्सलवाद सिर चढ़कर बोल रहा था। विकास के कार्य ठप पड़े थे। गरीब कल्याणकारी योजनाओं में डकैती पड़ती थी। गरीबों को कुछ मिलता ही नहीं था। आज दुनिया में सम्मान मिला है। आतंकवाद नक्सलवाद समाप्त हुआ है। देश की धमक है। मजबूत हाथों में देश होता है तो दुनिया नजरें झुकाती है। मजबूर हाथ में देश होता है तो दुनिया आंखें दिखाती है। इंदिरा गांधी ने 1970 में नारा दिया था गरीबी हटाओ। गरीबी नहीं हटी। 54 वर्ष बाद उनका नाती नारा दे रहा है कि गरीबी हटाएंगे। कैसे हटाएंगे? दादी के नारे को पोता तोता की तरह रट रहा है। कोरोना संकट आने पर राहुल देश छोड़कर चले गए। चुनाव जैसे आते हैं ये लोग बड़ी-बड़ी घोषणाएं करते हैं। नए भारत में निशुल्क राशन, फ्री इलाज, जन धन खाता खुलवाए।

मोदी जी ने सबका साथ, सबका विकास को ध्यान में रखखर सभी के लिए काम किया है। नए भारत को आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाना है। रामलला मंदिर में विराजमान हो गए और बड़े-बड़े माफियाओं का राम नाम सत्य कर दिया गया। सपा और बसपा के समय में क्या होता था। कांग्रेस, सपा, बसपा सुरक्षा नहीं दे सकते। सुशासन नहीं दे सकते। विकास नहीं करा सकते।

About News Desk (P)

Check Also

बर्खास्त फर्जी शिक्षकों को ढूंढने में विभाग लापरवाह, अब तक नहीं हो सकी है रिकवरी, पढ़ें पूरा मामला

फर्रुखाबाद जिले में बेसिक शिक्षा विभाग बर्खास्त किए गए फर्जी शिक्षकों को ढूंढने में लापरवाही ...