Breaking News

कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी, संगीता त्यागी के साथ उम्मीदवारों मे न्याय के लिए संघर्ष करने वालों के नाम

● दूसरी लिस्ट में भी 40% महिलाओं को दिया टिकट।

● अन्याय के खिलाफत करने वाली आवाज़ों को मिली प्रियंका गांधी की लिस्ट में जगह।

● संगीता त्यागी होंगी साहिबाबाद से कांग्रेस की उम्मीद्वार।

● किसान आंदोलन में सक्रिय रही पूनम पंडित स्याना से कांग्रेस की उम्मीदवार।

● खटिक समाज और वाल्मीकि समाज के लोगों को भी मौक़ा।  

लखनऊ। अन्याय के खिलाफ खड़े होने वालों को कांग्रेस में भी अब मौक़ा दिया जा रहा है। पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में स्व. राजीव त्यागी की पत्नी संगीता त्यागी को भी उम्मीदवार बनाया गया है, वहीं अपने अधिकारों और न्याय के लिए लड़ने वालों को भी जगह दी गयी है। वाल्मीकि समाज के अधिकारों के लिए लड़ने वाले सिकंदर वाल्मीकि, खटिक समाज के टुक्की मल और किसान आंदोलन में सक्रिय रहीं पूनम पंडित भी कांग्रेस की उम्मीदवार के रूप में खड़ी हो रही हैं।

भाजपा सरकार के अत्याचार के ख़िलाफ़ नौकरी तक छोड़ी सिकंदर वाल्मीकि ने-  

वाल्मीकि समाज के अधिकारों के लिए लड़ने वाले सिकंदर वाल्मीकि को कांग्रेस ने आगरा कैंट सीट पर प्रत्याशी बनाया है। सिकंदर वाल्मीकि ने वाल्मीकि समाज पर भाजपा सरकार के अत्याचार के ख़िलाफ़ लगातार संघर्ष किया। वे जल निगम में सरकारी कर्मचारी थे लेकिन अपने समाज के अधिकारों की लड़ाई के लिए उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी। नौकरी करते समय जब उन्होंने हाथरस की बलात्कार पीड़िता के न्याय के लिए कैंडल मार्च निकाला था, तब उनको सस्पेंड कर दिया गया था। भाजपा सरकार की पुलिस द्वारा हिरासत में अरुण वाल्मीकि की हत्या के बाद, सिकंदर वाल्मीकि ने बढ़-चढ़कर न्याय की आवाज़ उठाई थी।

टीवी चैनलों में हेट स्पीच को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट भी गई थीं संगीता त्यागी-

कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता स्वर्गीय राजीव त्यागी जी की पत्नी संगीता त्यागी जी को कांग्रेस पार्टी ने साहिबाबाद सीट से उम्मीदवार बनाया है। ग़ौरतलब है कि श्री राजीव त्यागी जी की एक लाइव टीवी डिबेट के दौरान हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। श्रीमती संगीता त्यागी जी ने टीवी चैनलों में नफ़रत के तत्वों से भरी बहस को इसका ज़िम्मेदार बताया था और वे टीवी चैनलों में हेट स्पीच को रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट भी गई थीं।

40% की लिस्ट में पूनम पंडित स्याना से कांग्रेस की उम्मीदवार- 

किसान आंदोलन में सक्रिय रही पूनम पंडित स्याना से कांग्रेस की उम्मीदवार बनाई गईं। पूनम पंडित जी ने किसान आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और किसान आंदोलन की मुखर आवाज़ बनीं। पूनम जी ने महिलाओं के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।

खटिक समाज के लोगों को दिया है मौक़ा कांग्रेस ने-

टुक्की मल खटिक को कांग्रेस पार्टी ने ख़ुर्जा से उम्मीदवार बनाया है। टुक्की मल खटिक सामाजिक न्याय के मुद्दों पर लगातार आवाज़ उठाते रहे हैं। कोरोना के समय उन्होंने लगातार सड़क पर जा रहे श्रमिकों को भोजन- पानी उपलब्ध करवाया और हज़ारों जरूरतमंदों तक अनाज पहुँचाया। टुक्की मल खटिक कांग्रेस की युवा आवाज़ हैं और बुलन्दशहर के ज़िला अध्यक्ष भी रहे। वहीं बड़ोत से राहुल कश्यप कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे। राहुल कश्यप कहार समाज से आते हैं और अपने समाज के अधिकारों के लिए लगातार आवाज़ उठाते रहे हैं। उन्होंने ज़िला पंचायत चुनाव लड़कर क्षेत्र में अपनी आवाज़ की धाक स्थापित की थी।

About reporter

Check Also

सनातन की ज्योत जगाने आया ‘सनातन वर्ल्ड’ यूट्यूब चैनल’

मुंबई। सनातन वर्ल्ड’ यूट्यूब चैनल (Sanatan World YouTube channel) सत्य सनातन हिन्दू धर्म के मूल ...