Breaking News

खूब जमा कवि सम्मेलन, भाव विभोर हुए श्रोता

सताँव/रायबरेली। 2021 के प्रथम दिवस शुक्रवार को राष्ट्रीय कवि संगम की रायबरेली इकाई के बैनर तले गुरुबख्शगंज स्थित बैस चिकित्सालय में राष्ट्रीय स्तर की कवि गोष्ठी का आयोजन प्रख्यात चिकित्सक व मर्म के मशहूर कवि डाक्टर देबी बख्श सिंह बैस एवम् उनकी सहधर्मिणी पूर्व जिला पंचायत सदस्य ऊषा सिंह ने किया। इस कवि मंच ने दिल को छू लेने वाली हृदय स्पर्शी कविताओं के माध्यम से आम जन मानस में नयी उम्मीदों की नव कोपलें प्रस्फुटित करने का पूरा प्रयास किया।

कवि गोष्ठी में नई खुशियों के पुष्प खिलाये गये और नव समृद्धि का आशीष बरसा। राष्ट्र जागरण का धर्म निभा रही साहित्य सृजन संस्था ‘राष्ट्रीय कवि संगम’ की ओर से नये ईस्वी सन के स्वागत के लिए आयोजित इस कवि गोष्ठी की अध्यक्षता बैसवाड़े के कुशल शब्द चितेरे कवि डाॅ विनय भदौरिया ने की।

साहित्य मनीषी सूर्यकान्त मिश्र के मुख्य आतिथ्य में अपराह्न पूर्व आरम्भ हुई कवि गोष्ठी में श्रोता इस कदर संलिप्त हुये कि अध्यक्षीय कविता पाठ देर शाम सुनने को मिला। नवोदित रचनाकार सानिया सिंह की वाणी वन्दना के बाद जैसे-जैसे कवियों ने कविता पाठ किया, गोष्ठी कब ऊँचाइयों पर प्रतिस्थापित हो गयी, किसी को पता ही नहीं चला। सानिया के पश्चात डाॅ. जमुना प्रसाद पाण्डेय ‘अबोध’, दुर्गा शंकर वर्मा ‘दुर्गेश’, जूनियर तनहा दीपेन्द्र श्रीवास्तव, कुमार सुरेश, विनोद दीक्षित ‘पागल’, राम किशोर उर्फ भूषण भइया, श्याम यादव, अमलेश, निर्मल प्रकाश श्रीवास्तव, रवि शंकर श्रीवास्तव ‘मधुप’, शेषपाल सिंह, हरिनाम सिंह, केपी सिंह, उदय राज, शैलेन्द्र सिंह ‘गुलशन’, चन्द्रहास सिंह, अशोक त्रिवेदी व अभिषेक ने शानदार कवितायें पढ़ीं और समूचे सदन की तालियाँ बटोरीं।

सभी कवियों ने एक से बढ़कर एक कविताओं का पाठ किया। सबसे अन्त में कार्यक्रम आयोजक डाॅ. देबी बख्श सिंह बैस ने ‘माँ’ पर लिखी अपनी जोरदार रचना पढ़कर सभी श्रोताओं को भाव बिह्वल कर दिया। डाँ बैस ने कामना की कि कोरोना जैसी महामारी से सबको निजात मिले और देश के प्रत्येक नागरिक के आँगन में सुख-समृद्धि की बरसात हो।

कवि गोष्ठी के का समापन करते हुये अध्यक्ष डाॅ. विनय भदौरिया ने पुराने साल के अनुभवों को ताजा किया और प्रभावशाली कविताओं के माध्यम से नए साल को बेहतर बनाने का संकल्प लिया। कवि गोष्ठी में डाॅ. देबी बख्श सिंह बैस ने प्रख्यात कवि जमुना प्रसाद पाण्डेय को अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और सबके सम्मान में शानदार भोज भी आयोजित किया। अन्त में डाॅ. बैस व उनकी सह धर्मिणी पूर्व जिला पंचायत सदस्य ऊषा सिंह ने सभी आगन्तुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

रिपोर्ट-दुर्गेश मिश्रा

About Samar Saleel

Check Also

संजय सिंह बोले- पीएम मोदी को सिर्फ अपने दोस्तों की चिंता, देश को नीलाम कर रहे हैं प्रधानमंत्री

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक बार फिर प्रधनामंत्री नरेंद्र मोदी ...