Breaking News

पीलीभीत में उप मुख्यमंत्री ने विपक्षियों पर लगाया आरोप, कहा- भाजपा की सरकार में नहीं हुआ कोई दंगा

पीलीभीत। उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने जनपद पीलीभीत के पूरनपुर और बीसलपुर विधानसभाओं में जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए विपक्ष पर प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी सरकारें तो दंगा कराने के मामले में चैम्पियन थीं। समाजवादी सरकार में अलग अलग प्रकार के 700 दंगे हुए थे।

वहीं बसपा की सरकार में भी करीब पौने तीन सौ दंगे हुए थे। लोगों को लड़ाकर अपनी राजनीति की रोटी सेंकना उनका स्वभाव रहा है। उन्होंने कहा कि “भाजपा की वर्तमान सरकार में प्रदेश में अमन चैन कायम रखा और एक भी दंगा नहीं हुआ है।” हालाँकि,  उत्तर प्रदेश की सरकार में उप मुख्यमंत्री के पद पर आसीन डॉ. दिनेश शर्मा जब विपक्षी दलों पर आरोप मढ़ते हुए भाजपा की वर्तमान सरकार में अमन-चैन के बारे में बता रहे थे, उस समय उनके मन में कहीं न कहीं यह बात उठी ज़रूर होगी, कि वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दामन पर गोधरा-कांड के दाग अभी भी लगे हुए हैं।

दिनेश शर्मा का सपा से सवाल, क्या उत्तर प्रदेश के लोगों को गाली देने का इनाम देने के लिए बुलाया है ममता को ?

डॉ. शर्मा ने आगे कहा कि- यह विपक्ष आज एक बार फिर लोगों को जातियों और संप्रदाय में बांटने की साजिश कर रहा है। अब इसके लिए इन्होंने बंगाल से ‘बी टीम’ को बुलाया है, वहां से ममता दीदी आई हैं। इन्हें यूपी के लोगों से कोई ममता नहीं है। बंगाल चुनाव के समय वे कहती थीं कि पान मसाला खाने वाले, टीका लगाने वाले यूपी के लोग गुन्डे है। चुनाव जीतने के बाद बंगाल में यूपी के लोगों पर चुन चुनकर अत्याचार किया गया। उन्होंने सपा को आड़े हाथों लेते हुए सवाल किया है कि समाजवादी पार्टी को बताना चाहिए कि बंगाल से  ममता दीदी को क्यों बुलाया है? क्या उत्तर प्रदेश के लोगों को गाली देने का इनाम देने के लिए बुलाया है? उप मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश में आई TMC की नेता को सूबे के लोगों से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि उत्तर प्रदेश भगवान राम ,कृष्ण, ऋषि मुनियों  की धरती है। अभी तो और लोग भी आएंगे। पहले लोगों को लड़ाने का काम सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग खुद ही करते थे पर अब, इन्होंने नया तरीका निकाला है। अब ये इस काम के लिए बाहर से हैदराबाद से अपनी ‘बी टीम’ को बुलाते है।

राम का अस्तित्व नकारने वाले आज पढ़ रहे हनुमान चालीसा- उप मुख्यमंत्री

पीलीभीत की पूरनपुर और बीसलपुर विधानसभा में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति के प्रतिपादन से दूरी बनाकर रखने वाले भी आज हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे हैं।  पहले तो यही लोग राम मंदिर के निर्माण को लेकर हर तरह के तंज कसा करते थे और राम के अस्तित्व को ही नकारते थे। अब यह भी देख रहे हैं कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन रहा है। इन दलों का कोई भी बडा नेता आज तक भगवान राम के दर्शन के लिए नहीं गया है क्योंकि उन्हें वोट बैंक का खतरा है। इसमे उन्हे साम्प्रदायिक कहलाये जाने का खतरा दिखता है।

बिलों में गए अपराधी, अब विपक्ष के बन गए हैं प्रत्याशी, सपा, बसपा, कांग्रेस, माकपा नही कर पा रहे भाजपा का मुक़ाबला- डॉ. शर्मा शर्मा

आज यूपी में विकास की धारा बह रही है। जो अपराधी योगी सरकार के समय में बिल में चले गए थे, वे विपक्ष के प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही बिल से बाहर आने लगे हैं। अब वे फिर प्रदेश में अपराध का नंगा नाच न कर सकें इसके लिए भाजपा के पक्ष में एकजुट होकर मतदान करना होगा। इस चुनाव में पहले से भी अधिक मतदान करना होगा।
पिछले पांच साल में उत्तर प्रदेश की दशा और दिशा बदल गई है। अपराध समाप्त हुआ है और शिक्षा का विस्तारीकरण हुआ है। गांव गरीब किसान नौजवान महिला सभी का कल्याण हुआ है। इसीलिए सपा, बसपा, कांग्रेस, माकपा आदि दल मिलकर भी भाजपा का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं। इसका एक और कारण है कि भाजपा के पास खरा सोने जैसा कार्यकर्ता है, जो दूसरे दलों के पास नहीं है। इसी कारण से विपक्ष घबराया हुआ है।

पांच साल में ही 11 लाख करोड की अर्थव्यवस्था हो गई 22 लाख करोड- डॉ. दिनेश शर्मा

पिछले पौने पांच साल में  हर क्षेत्र में तमाम कार्य हुए हैं। पांच साल में ही 11 लाख करोड की अर्थव्यवस्था 22 लाख करोड की हो गई है। पांच साल पूर्व जो बेरोजगारी दर 17.4% प्रतिशत थी वह पांच साल में 4.9% प्रतिशत ही रह गई है। आज भाजपा ने अगले पांच साल के लिए अपने संकल्प घोषित कर दिए है। आने वाले पांच साल में यूपी के माध्यमिक विद्यालयों को आधुनिकतम इन्फ्रास्ट्रक्चर से युक्त किया जाएगा। यह बदलाव भाजपा की सरकार लाती है। इसके विपरीत विपक्ष की सरकारों के आने पर माफिया, वसूली की पर्ची और समाज को जाति और सम्प्रदाय में विभाजित करने जैसे काम होते है। समाज को विभाजित कर वे वोट का लाभ लेने का प्रयास करते है। भाजपा ने सबका साथ सबका विकास के आधार पर काम किया है। राशन का वितरण हुआ है तो  हिन्दू मुसलमान सिख इसाई अगडा पिछडा दलित सभी को बराबर से दिया है। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं हुआ है। इसके विपरीत विपक्ष का काम ही भेदभाव करके अपनी राजनीति की रोटी सेंकने का है। यह अलग अलग भेष रख कर आएंगे पर ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है।

सपा, कांग्रेस और अन्य दलों की तर्ज़ पर मतदाताओं से किए उप मुख्यमंत्री ने वादे

डॉ. शर्मा ने कहा है कि भाजपा की सरकार बनने पर मिलेगा होली दिवाली में फ्री गैस सिलेन्डर, 60 साल से अधिक की महिलाओं  के लिए फ्री बस यात्रा, किसानों को सिंचाई के लिए फ्री बिजली, इंटर पास करने वाली मेधावी छात्राओं को स्कूटी और हर घर में एक नौजवान को रोजगार।

Report- Anshul Gaurav

About reporter

Check Also

सीएमएस में दो-दिवसीय इण्टर-स्कूल रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप प्रारम्भ

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल राजाजीपुरम द्वितीय कैम्पस के तत्वावधान में आयोजित दो-दिवसीय इण्टर-स्कूल रोलर स्केटिंग ...