Breaking News

राष्ट्रपति पद की रेस में कमला हैरिस ने ट्रंप के सामने खुद को बताया उपेक्षित, इस वजह से जताया जीत का भरोसा

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए रेस अब दिलचस्प हो चुकी है। डेमोक्रेट पार्टी की तरफ से कमला हैरिस के राष्ट्रपति चुनाव के लिए उतरने की खबरों के बाद से ही उन्हें अमेरिकी जनता का भरपूर समर्थन भी मिल रहा है। अब रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के सामने कमला हैरिस ने खुद को उपेक्षित (अंडरडॉग) उम्मीदवार करार दिया है। हालांकि, हैरिस ने अपनी जीत की संभावना जताते हुए कहा कि उनका अभियान लोगों की शक्ति से चल रहा है।

अपने पहले फंड जुटाने के कार्यक्रम (फंडरेजर) को संबोधित करते हुए कमला हैरिस ने समर्थकों से कहा कि इस साल का चुनाव दो नजरियों के बीच का चुनाव है। पहला भविष्य की तरफ देखने का नजरिया और दूसरा- देश की प्रगति को खत्म करने वाला नजरिया।

हैरिस ने कार्यक्रम में 800 से ज्यादा फंड जुटाने वाले प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा, “हम राष्ट्रपति पद की दौड़ में उपेक्षित हैं। स्तर तय हो चुका है। ठीक है। लेकिन हमारा एक लोगों की शक्ति से चलना वाला अभियान है और इसे गति मिल चुकी है।”

अमेरिकी समयानुसार शनिवार को हुए इस फंडरेजर में हैरिस ने 14 लाख डॉलर जुटाए, जो कि उनके लक्ष्य 4 लाख डॉलर से काफी ज्यादा रहे। इस दौरान हैरिस के लिए कई बार दर्शकों ने तालियां भी बजाईं। डेमोक्रेट नेता ने कहा कि उन्हें राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए पार्टी के जरूरी प्रतिनिधियों का समर्थन मिल गया है।

कमला हैरिस ने ट्रंप पर साधा निशाना
उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के नेता और राष्ट्रपति चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधते हुए पूछा, ‘‘हम कैसे देश में रहना चाहते हैं? क्या हम स्वतंत्रता, करुणा और कानून के शासन वाले देश में रहना चाहते हैं या हम अराजकता, भय और नफरत वाले देश में रहना चाहते हैं?’’ हैरिस ने उम्मीद जताई कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप (78) उनके साथ बहस करने पर राजी होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप उनके खिलाफ झूठ और भ्रम फैला रहे हैं।

About News Desk (P)

Check Also

पाकिस्तान पर चला अमेरिका का चाबुक; बैलिस्टिक मिसाइल प्रोजेक्ट के चीनी आपूर्तिकर्ताओं को किया प्रतिबंधित

अमेरिकी विदेश विभाग ने गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाया। पाकिस्तान के खिलाफ उसका सख्त ...