लखनऊ। महापौर सुषमा खर्कवाल (Mayor Sushma Kharkwal) ने अलीगंज (Aliganj) स्थित चेतना संस्था (Visited Chetna Sanstha) का दौरा किया। यह संस्था बौद्धिक अक्षम और बधिर बच्चों (Intellectually Disabled And Deaf Children) के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त यह संस्था वर्ष 1964 में स्थापित की गई थी और आज भी अपनी विशिष्ट सेवाओं के लिए जानी जाती है।
इस दौरान महापौर के साथ संस्था के अध्यक्ष जीएन शर्मा, सचिव दिनेश प्रताप सिंह, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य सुनील द्विवेदी, बौद्धिक अक्षम विद्यालय की प्रधानाचार्या मीना तिवारी, बधिर विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजना शुक्ला, समाजसेविका दीपशिखा पांडेय और कोर्स कोऑर्डिनेटर ज्योत्स्ना बाजपेयी उपस्थित रहे।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद किया और उनकी गतिविधियों एवं उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। बच्चों द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प और कलात्मक वस्तुओं को देखकर उन्होंने उनकी प्रतिभा की सराहना की। जब बच्चों ने भक्ति गीत प्रस्तुत किए, तो माहौल भावुक हो गया और स्वयं महापौर भी भावुक हो उठीं।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि इन बच्चों की प्रतिभा, समर्पण और आत्मविश्वास को देखकर मन गर्व और भावुकता से भर गया है। चेतना संस्था एक आदर्श उदाहरण है कि कैसे समर्पित प्रयासों से विशेष बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है।
सुषमा खर्कवाल ने संस्था के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और बच्चों के सेवा-भाव की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि नगर निगम स्तर पर संस्था की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हर सहयोग देने का आश्वासन दिया।