Breaking News

अदन की खाड़ी में फिर हुआ व्यापारिक जहाज पर हमला, हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमले से जहाज में लगी आग

ब्रिटिश सुरक्षा फर्म एंब्रे ने रविवार को दावा किया है कि अदन की खाड़ी में एक व्यापारिक जहाज पर मिसाइल से हमला हुआ है। हमले के चलते जहाज में आग लग गई। हमला यमन से हुआ और इसके पीछे हूती विद्रोहियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।

मिसाइल हमले में जहाज पर लगी आग
ब्रिटेन के मेरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि जहाज के कप्तान ने उन्हें घटना के बारे में सूचित किया। जहाज पर यमन के नजदीक अदन की खाड़ी में दक्षिण पूर्व में 80 नॉटिकल मील की दूरी पर हमला हुआ। हूती विद्रोही बीते कई महीनों से लाल सागर, अदन की खाड़ी और अरब सागर में व्यापारिक जहाजों को निशाना बना रहे हैं। इस्राइल द्वारा गाजा में हमले के खिलाफ और फलस्तीनी लोगों के समर्थन में हूती विद्रोही इन हमलों को अंजाम दे रहे हैं।

सुरक्षा फर्म एंब्रे का कहना है कि जहाज के अगले हिस्से पर मिसाइल का हमला हुआ, जिसके बाद जहाज में आग लग गई। हालांकि जहाज के क्रू ने ही आग पर काबू पा लिया। जहाज पर दो मिसाइलों से हमला किया गया, लेकिन दूसरी मिसाइल जहाज से नहीं टकराई। हमले में किसी के हताहत होने और बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

लंबे समय से हूती विद्रोही जहाजों पर कर रहे हमले
बीते दिनों हूती विद्रोहियों ने यमन में संयुक्त राष्ट्र के नौ कर्मियों का अपहरण कर लिया था। बंदी बनाए गए सभी कर्मी यमन मूल के ही है। हूती विद्रोहियों के खिलाफ अमेरिका और ब्रिटेन ने संयुक्त अभियान भी चलाया था और यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर हमले किए थे। हालांकि इसके बावजूद हूती विद्रोही अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय शिपिंग रूट से गुजरने वाले व्यापारिक जहाजों को निशाना बना रहे हैं। हूती विद्रोहियों के हमले के चलते कई व्यापारिक जहाज अब अफ्रीका होते हुए लंबे रास्ते से गुजर रहे हैं। इसके चलते महंगाई भी बढ़ी है।

About News Desk (P)

Check Also

इस्राइल सेना ने कीं सारी हदें पार, घायल फलस्तीनी को जीप के आगे बांधकर घुमाया; अब हर ओर से उठ रही आवाज

हमास और इस्राइल बीते आठ महीने से जंग लड़ रहे हैं। इस्राइल द्वारा हमास को ...