लखनऊ। नगर निगम में प्रशासनिक बदलाव के तहत गौरव कुमार ने नए नगर आयुक्त (Municipal Corporation, Gaurav Kumar) के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने नगर निगम की महापौर सुषमा खर्कवाल (Mayor Sushma Kharkwal) से शिष्टाचार भेंट की (Made Courtesy Call) और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने महापौर के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
इस मुलाकात के दौरान पूर्व नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने गौरव कुमार को नगर निगम की वर्तमान स्थिति, योजनाओं और चुनौतियों से अवगत कराया। भेंट के दौरान महापौर ने शहर की प्रमुख समस्याओं और प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को शीर्ष प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
महापौर ने अतिक्रमण की गंभीर समस्या की ओर भी ध्यान दिलाते हुए कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए निगम को कड़े और ठोस कदम उठाने होंगे। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शहर की सौंदर्यता में भी इजाफा होगा। महापौर ने लखनऊ को एक हराभरा और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए भी विशेष रणनीति अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने आश्वासन दिया कि वे महापौर द्वारा बताए गए सभी बिंदुओं पर प्राथमिकता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि लखनऊ को एक स्मार्ट और साफ़-सुथरा शहर बनाने की दिशा में नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।