Breaking News

प्रदेशाध्यक्ष मृतक औरंगजेब के परिवार से मिले, कांग्रेस संसद में उठाएगी मुद्दा

अलीगढ़ के मामू भांजा प्रकरण पर सपा के बाद अब कांग्रेस भी प्रदेश सरकार के खिलाफ तल्ख रवैया अपना रही है। 29 जून को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल घटना में मारे गए औरंगजेब के घर घास की मंडी पहुंचा। परिवार से वार्ता के बाद प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज नहीं है। सत्ता पक्ष के इशारे पर पुलिस प्रशासन काम कर रहा है। हम संसद में यह मुद्दा उठाएंगे और हाईकोर्ट के जज से घटना की जांच कराए जाने की मांग की जाएगी।

दोपहर में बारिश के बीच प्रदेशाध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में दल औरंगजेब के घर पहुंचा। आगमन की सूचना पर घर के बाहर बैठने का इंतजाम किया गया था। मगर दल घर के अंदर कमरे में औरंगजेब की मां के पास गया। उनसे काफी देर तक बातचीत के बाद पूरा प्रकरण समझा और उनकी मांगों पर समर्थन की बात कही। कहा कि पहले भी उनकी पार्टी का दल आया था। उसकी रिपोर्ट के आधार पर राहुल गांधी व प्रियंका गांधी के निर्देश पर हम लोग आए हैं। हर कदम पर पार्टी परिवार के साथ है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि ये जो उत्पीड़न का दौर है, सब सत्ता पक्ष के इशारे में पुलिस प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। इसके खिलाफ प्रदेश भर में कांग्रेस आवाज बुलंद कर रही है।

घास की मंडी में मृतक औरंगजेब के परिवार से मिलने पहुंचे कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सहारनपुर सांसद इमरान मसूद, बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया, पूर्व विधायक विवेक बसंल व अन्य

प्रतिनिधिमंडल में सांसद इमरान मसूद, तनुज पूनिया, राकेश राठौर, पूर्व विधायक विवेक बंसल, वरिष्ठ नेता योगेश दीक्षित, महासचिव अनिल यादव, कौशलेंद्र यादव, सचिव विनीत पाराशर वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष सोमवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष नवेद खां, युवक जिलाध्यक्ष संजय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेश पाठक, माजिन जैदी, कृष्ण प्रताप सिंह, अमित रिंकू, श्यौराज जीवन, राजेश राज जीवन, रूही जुबैरी आदि लोग मौजूद थे।

  • हमारे लोग इस परिवार के साथ खड़े हैं। जिला स्तर पर पूरी पार्टी और प्रदेश पार्टी इनके साथ है। हमारे दो सांसद आज साथ आए हैं। निश्चित तौर पर इनको न्याय दिलाया जाएगा। परिवार ने जो हमसे कहा है, उस पर हम संसद में मुद्दा उठाएंगे। आज खुद मृतक पक्ष पर डकैती का मुकदमा दर्ज कर यह साबित कर दिया गया है कि सरकार अत्याचार कर रही है। हम प्रदेश में भाईचारे का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। मामले में हाईकोर्ट के जज से जांच कराने की मांग उठाई जाएगी।- अजय राय प्रदेशाध्यक्ष कांग्रेस।
  • सभी पार्टी के लोग प्रदेशाध्यक्ष की अगुवाई में औरंगजेब के परिवार से मिलने आए हैं। यह समाज को तोड़ने वाली घटना है। इस तरह की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। संसद में भी आवाज उठाई जाएगी। मुकदमे दर्ज कर पुलिस खेल कर रही है। ऐसे खेल चलते रहते हैं। मृतक पर ही मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने यही खेल रचा है। बाकी पार्टी हर स्तर पर मदद करने जा रही है और परिवार के साथ है। – इमरान मसूद, सांसद कांग्रेस।

 

कांग्रेसी दल के साथ बसपा नेता की करीबी चर्चा में
निकाय चुनाव में सपा छोड़कर बसपा में आए मेयर प्रत्याशी रहे सलमान शाहिद औरंगजेब के घर पर मौजूद थे। इसी बीच कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल पहुंचा और उनके नेताओं के साथ वह पूरे समय रहे। इस बात को लेकर चर्चाएं होती रहीं। सलमान शाहिद ने इतना ही कहा कि वह पहले दिन से पीड़ित परिवार के साथ हैं। कांग्रेस का दल जब आया तो वह भी वहीं पर थे। राजनीतिक रिश्तों के चलते उनके नेताओं के साथ खड़ा था। इसके मायने निकालना गलत है।

About News Desk (P)

Check Also

इंद्रधनुषी रंग बिखेरेगा टूरिज्म सर्किट, नाथ कॉरिडोर के लिए 25 करोड़ रुपये जारी

बरेली :  बरेली में नाथ नगरी कॉरिडोर को नव्य और भव्य स्वरूप देने की तैयारी ...