Breaking News

ब्रेल प्रेस की स्थापना और संचालन का संकल्प ही लुई ब्रेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी- प्रो राणा कृष्ण पाल सिंह

लखनऊ। आज डाॅ शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ के प्रशासनिक भवन सभागार में विशेष शिक्षा संकाय द्वारा ब्रेललिपि के जन्म दाता लुई ब्रेल के 214वें जन्म दिवस समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो राणा कृष्ण पाल सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि 2019 में मैंने इस विश्वविद्यालय में कार्यभार ग्रहण किया और इसी वर्ष सयुक्त राष्ट्र संघ ने लुई ब्रेल के जन्म दिवस को अन्तर्राष्ट्रीय ब्रेल दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया।

आज इसी कड़ी में विश्वविद्यालय परिसर में ब्रेल प्रेस की स्थापना और संचालन का संकल्प लेकर हम 04 जनवरी 2023 को लुई ब्रेल के प्रति सच्ची श्रद्धंजलि व्यक्त कर रहे है। सही मायने में ब्रेल वह लिपि है, जो दृष्टिबाधितों के लिए साहित्य और ज्ञान की दुनिया का द्वार खोलती है।

विशेष शिक्षा संकाय के अधिष्ठाता और इस कार्यक्रम के संयोजक प्रो आरआर सिंह ने कहा कि समावेशी समाज का निर्माण करना ही हमारे विश्वविद्यालय का संकल्प है। इस समावेशी समाज के निर्माण के लिए आज हमें संकल्पबद्ध होकर आगे बढ़ना होगा।

विश्वविद्यालय के दृष्टि दिव्यांग प्रोफेसर एवं हिन्दी एवं अन्य भारतीय भाषा विभाग के विभागाध्यक्ष डाॅ प्रमोद कुमार सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मनुष्य का मानव होना उसकी जीत है, दानव होना उसकी हार है, महामानव होना चमत्कार है। लुई ब्रेल ने उसी महामानव होने की कड़ी में समुची दुनियां को वह लिपि दिया, जो दृष्टि दिव्यांगजनों के लिए ज्ञान और शक्ति का आधार बन गयी है।

इस अवसर पर विशेष शिक्षा संकाय के शिक्षक अशीष गुप्ता ने ब्रेल लिपि का परिचयात्मक विवरण देते हुए उसकी महत्ता पर प्रकाश डाला, साथ ही राजनीति विज्ञान के दृष्टि दिव्यांग शोधार्थी दिलिप कुमार ने ब्रेल लिपि से जुड़े अपने संस्मरण साझा किए।

इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो राणा कृष्ण पाल सिंह के साथ ही कुलसचिव रोहित सिंह, वित्त अधिकारी संजय सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डाॅ आशुतोष पाण्डेय, आदि के साथ बड़ी संख्या में दृष्टि दिव्यांग छात्र छात्राएँ उपस्थित थे, इन सभी की उपस्थिति में ब्रेल प्रेस के सुचारू रूप से संचालन का संकल्प लिया गया।

विश्वविद्यालय में ब्रेल प्रेस की स्थापना एवं संचालन का उद्देश्य विश्वविद्यालय में ब्रेल प्रेस की स्थापना, जिसका मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजन को उच्च शिक्षा प्रदान करते हुए रोजगारपरक बनाकर समाज की मुख्य धारा से जोड़ने हेतु दिव्यांग श्रेणी के विद्यार्थियों के पठन-पाठन तथा विश्वविद्यालय में अध्ययनरत् दिव्यांगजनों को उच्च शिक्षा के सहयोगार्थ शिक्षा व्यवस्था सुगम बनाये जाने के उद्देश्य से की जा रही है। इसका प्रयोग निम्न कार्यों के संचालन हेतु किया जा रहा है।

1. शोध विद्यार्थियों हेतु संबंधित पाठ्य सामग्रियों का ब्रेल रूपांतरण।
2. उच्च शिक्षा के स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों से सम्बन्धित पाठ्य सामग्रियाँ एवं प्रश्न पत्रों का ब्रेल रूपान्तरण।
3. उच्च शिक्षा के परास्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों से सम्बन्धित पाठ्य सामग्रियाँ एवं प्रश्न पत्रों का ब्रेल रूपान्तरण।
4. शिक्षा से सम्बन्धित नीतियों का ब्रेल रूपान्तरण।
5. पुनर्वास से सम्बन्धित नीतियों का ब्रेल रूपान्तरण।
6. दिव्यांग विद्यार्थियों के उपयोगार्थ अन्य आवश्यक सामग्रियों का ब्रेललिपि में रूपान्तरण।
7. विश्वविद्यालय की नीतियां, नियमावली, पाठ्यक्रम, पाठ्यचर्या इत्यादि का ब्रेललिपि में रूपान्तरण।

विदित है कि ब्रेल प्रेस के सुचारू संचालन हेतु आधारभूत संरचना/तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा नियमानुसार सुनिश्चित किया जा रहा है एवं प्रिंटिंग से समस्त सम्बन्धित कार्य यथा-प्रिंटेड पाठ्य सामग्री की टाइपिंग, ब्रेल में रूपान्तरण, रूपान्तरित पाठ्य सामग्री का प्रुफ रीडिंग, सहित बाइंडिग सम्बन्धित कार्य एवं उन कार्यों का संपादन सुनिश्चित किया जा रहा है।

About Samar Saleel

Check Also

अरविंद केजरीवाल की बढ़ी न्यायिक हिरासत, सात मई को होगी अगली सुनवाई

दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत सात ...