नागरिकता संसोधन कानून (सीएए) को लेकर दिल्ली से लेकर यूपी तक जोरदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। इस क्रम में लगातार एक हफ्ते से लखनऊ में मुस्लिम महिलाओं द्वारा किये जा रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रूख अपनाया है। प्रदेशभर में करीब 1200 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ धारा-144 के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से निकाले गए छात्र नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ कैंपस में प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं नदीम अंसारी और हमजा सुफयान ने प्रॉक्टर और प्रोक्टोरियल टीम के साथ अभद्रता की थी। इस मामले में यूनिवर्सिटी सुरक्षाकर्मी की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर सिविल लाइन्स थाने में मुकदमा दर्ज किया हया है। इन्हीं छात्र नेताओं पर गुंडा एक्ट की भी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
प्रदर्शन कर रही मुस्लिम महिलाओं पर प्रदेशभर में केस दर्ज हुए
बता दें कि पूरे प्रदेश में प्रदर्शनकारियों पर एक्शन लेते हुए योगी सरकार ने अलीगढ़ में 60 महिलाओं, प्रयागराज में 300 महिलाओं, इटावा में 200 महिलाओं और 700 पुरुषों पर केस दर्ज किया है। केस दर्ज होने के बाद भी लखनऊ के घंटाघर से लेकर प्रयागराज के मंसूर अली पार्क में प्रदर्शन जारी है। रायबरेली के टाउनहॉल में भी मुस्लिम महिलाएं प्रदर्शन कर रही हैं।