Breaking News

दो दिन से गायब युवक का शव तालाब में उतराता मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

औरैया। जिले के अजीतमल क्षेत्र में दो दिन से गायब युवक का तालाब के पानी में उतराता मिला, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अजीतमल क्षेत्र के गांव सोनासी निवासी महेन्द्र कठेरिया (40) मजदूरी व फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया कि बीते शुक्रवार की सुबह वह किसी काम से पड़ोसी गांव मुड़ेना रूपशाह गया हुआ था, जहां से वापस आने के बाद उसने किन्हीं अज्ञात लोगों के साथ झगड़ा होने की बात बताई थी और देर शाम बिना कुछ बताए घर से कहीं चला गया था।

जिसके बाद वापस न आने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की पर कहीं कोई जानकारी न होने पर शनिवार देर शाम महेन्द्र के गायब होने की सूचना पुलिस को दी थी। आज दिन में ग्रामीणों ने गांव के किनारे स्थित तालाब के पानी में उतराता शव देखा और उसकी पहचान महेन्द्र के रूप में होने पर इस बात की जानकारी परिजनों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को तालाब में फेंके जाने की आशंका व्यक्त की।

वहीं पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीतमल प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक के पुत्र सचिन की ओर से दी गई फौती सूचना के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, अभी तहरीर नहीं मिली है। बताया कि मृतक नशे का आदी भी बताया जा रहा है। सम्भवतः पैर फिसलने से तालाब में चला गया होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

रिपोर्ट-शिव प्रताप सिंह सेंगर

About Samar Saleel

Check Also

मिशन कर्मयोगी: सरकारी अधिकारियों को दक्ष बनाने हेतु वेबिनार का सफल आयोजन

लखनऊ, 26 जुलाई 2025। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) के ...