Breaking News

मोदी के स्वागत को तैयार लखनऊ

 डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

नरेंद्र मोदी केवल देश के प्रधानमंत्री ही नहीं है,वह दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय जन नेताओं में भी शुमार है। उनकी प्रत्येक यात्रा संबंधित स्थान के लिए महत्वपूर्ण अवसर की भांति होती है। कुछ दिन पहले वह काशी की यात्रा पर आए थे। वहां उन्होंने अनेक विकास योजनाओं का शुभारंभ किया था। पांच सितंबर को राजधानी लखनऊ में उनका आगमन हो रहा है। यहां वह ‘बदलते नगरीय परिवेश’ थीम पर आधारित कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम पांच से सात अक्तूबर तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान चलेगा। इसमें नगरीय विकास से संबंधित पचहत्तर नई तकनीक पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के नगर विकास विभाग की ओर से भी एक प्रदर्शनी लगेगी।

इस प्रदर्शनी में प्रदेश के सभी शहरों में हुए विकास का प्रदर्शन किया जाएगा। नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन ने बताया कि इस कार्यक्रम में देश भर के नगर विकास विभाग से जुड़े अधिकारी व विशेषज्ञ भाग लेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जायजा लिया।

उन्होंने कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूरी कर लेने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी लोगों का कोविड आरटीपीसीआर टेस्ट अनिवार्य किया गया है। कार्यक्रम कवरेज करने वाले पत्रकारों का भी आरटीपीसीआर टेस्ट किया जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल में स्थापित किए जा रहे उत्तर प्रदेश पवेलियन,स्टॉलों व मॉडलों का भी अवलोकन किया।

उन्होंने अधिकारियों निर्देशित किया कि आयोजन से जुड़े सभी कार्यों को समय से पूरा करें। साथ ही आयोजन में सम्मिलित होने वाले राज्य अतिथियों व कार्यक्रम से जुड़े हुए सभी गणमान्य लोगों के प्रवास एवं सुरक्षा की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में, सम्बन्धित विभागों की यह जिम्मेदारी है कि वह इसकी सफलता के लिए सारे प्रयास करें। सभी अपने उत्तरदायित्वों का भली भांति निर्वाह करे। यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्यक्रम में आने वाले गणमान्य अतिथियों को कोई असुविधा न हो। उनकी अगवानी की जाए।

उन्हें एस्कोर्ट करते हुए उनके गंतव्य तक आना जाना सुनिश्चित किया जाए। उनकी सुविधा के लिए उनके साथ सक्षम अधिकारी लगाए जाएं। आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था चुस्त।दुरुस्त रखी जाए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

वीआईपी वाहन पार्किंग व्यवस्था का उचित ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि विद्युत आपूर्ति में किसी भी समस्या से निपटने के लिए बैकअप की भी व्यवस्था की जाए। कार्यक्रम स्थल तथा प्रयोग किए जाने वाले रास्तों से अवैध होर्डिंग भी हटाने के निर्देश दिए। सड़कों की साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाए। प्रमुख भवनों में लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

About Samar Saleel

Check Also

कैम्पा कोला का नया कैंपेन लॉन्च, कोका कोला और पेप्सी को मिलेगी कड़ी टक्कर

• गर्मियों में कोक और पेप्सी को टक्कर देनें को तैयार है रिलायंस का कैम्पा ...