Breaking News

चुनावी प्रचार में अखिलेश : जनता से पूछा सवाल- क्या आप की आय दोगुनी हो गई? कितने लोगों को स्मार्टफोन मिले ?

उन्नाव। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज जालौन के माधवगढ़ और उन्नाव के मोहान में चुनाव सम्मेलनों को सम्बोधित किया। अपने सम्बोधन में, अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार समाजवादी पार्टी ने पूरे उत्तर प्रदेश में, जितने भी क्षेत्रीय दल थे, उन्हें साथ लाकर एक ताकत बनाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि पहले और दूसरे चरण के मतदान में गठबंधन ने शतक बना लिया है। तीसरे-चौथे चरण के बाद मतदान में दोहरा शतक भी समाजवादी पार्टी के पक्ष में बन जाएगा। इन चरणों में भाजपा ज़ीरो होने जा रही है। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि उन्हें हमीरपुर और झांसी के कार्यक्रम में जो समर्थन मिला है, उसके बाद तो भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सुन्न पड़ चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी ने बहुत बड़ा धोखा किया है। इतना धोखा तो किसी और दल ने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने ना जाने बुंदेलखंड को क्या-क्या दे दिया। इस पर उन्होंने जन सैलाब से पूछा कि बताओ बुंदेलखंड के भाइयों बहनों और नौजवानों, क्या आप की आय दोगुनी हो गई? फसल पर सरकार एमएसपी भी नहीं दे पाई। गन्ने की लूट हो गई। कमाई आधी कर दी गयी और महंगाई बढ़ गई है। डीजल पेट्रोल महंगा हो गया। खाद की बोरी में 5 किलो खाद की चोरी हो गई। कितने लोगों को स्मार्टफोन मिले ?

अखिलेश ने आगे कहा कि लोगों को उत्तर प्रदेश को बचाने के अलावा अपने खेतों को अन्ना जानवरों से भी बचाना है। हमारे बाबा मुख्यमंत्री के सबसे प्रिय भाजपा के लोग किसी के घर नहीं जा पा रहे हैं। अब इनका डोर टू डोर कैंपेन बंद हो चुका है। वह इसलिए बंद हो गया है क्योंकि गांव वालों ने, परिवार के लोगों ने भगा दिया। यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लोग तिजोरी भरने का काम कर रहे हैं। इनके भाषणों में कोई महंगाई पर बोल रहा हो तो बता दो? ना सरकार दवाई दे पाई, ना अस्पताल दे पाई, ना बेड दे पाई, जो सबसे जरूरी चीज सांसों के लिए थी वह ऑक्सीजन भी नहीं दे पाई।

सरकार ने किसी भी गरीब की मदद नहीं की। कोरोना के समय में जिन मजदूरों की जान गई समाजवादी पार्टी ने ही ₹1,00,000 देकर उनके परिवारों की मदद की। जिनका परिवार होता है वही परिवार का दुख समझ सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी वालों का कोई परिवार नहीं है। जिनके परिवार नहीं है वह आपका और हमारा दुख दर्द नहीं समझ सकते हैं। अगर भाजपा वाले आ गए तो नौकरी रोजगार छीन लेंगे। आपका परिवार नहीं पल पाएगा। यादव ने कहा कि किसानों की मदद के लिए हम अन्न संकल्प ले रहे हैं। हमारे किसान और गरीब भारतीय जनता पार्टी को हटाएंगे। बुंदेलखंड में समस्याएँ पलायन रोज़गार की है। हमारी सरकार बनने पर घरेलू बिजली का बिल ₹300 यूनिट मुक्त होगा।

अखिलेश यादव ने कहा कोरोना के अंदर बहुत सारे लोगों की जानें चली गई। बहनों से कह कर जा रहा हूं कि पढ़ाई करना। कन्या विद्याधन के लिए ₹36000 का अनुदान मिलेगा। सपा ने तय किया है कि सरकार बनने पर माताओं बहनों को 18000 रुपए सालाना पेंशन देंगे। एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाएंगे। 100 नंबर पुलिस सेवा की थी जिसको बाबा सीएम ने 112 करके कबाड़ा कर दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे बाबा सीएम पर कितने मुकदमें थे, जो उन्होंने खुद वापस ले लिए? हम पर तो एक मुकदमा है वो भी बाबा सीएम ने लगाया जब हम किसान आंदोलन में हिस्सा लेने जा रहे थे। माफिया क्रिकेट खेल रहा है। पुलिस कप्तान उसकी पिच बना रहे है। सबसे ज्यादा महिलाएं पीड़ित हुई है। हत्या कर आईपीएस फरार है, क्योंकि उसके गुजरात से सम्बंध है। 750 किसान शहीद हुए तब किसान आंदोलन वापस हुआ वो भी इस लिए क्योंकि पंजाब-यूपी में चुनाव थे। इस बार किसान ने तय किया है कि किसान विरोधी भाजपा को माफ नहीं करेंगे बल्कि भाजपा को साफ करेंगे।

Report- Anshul Gaurav

About reporter

Check Also

सीएमएस में दो-दिवसीय इण्टर-स्कूल रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप प्रारम्भ

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल राजाजीपुरम द्वितीय कैम्पस के तत्वावधान में आयोजित दो-दिवसीय इण्टर-स्कूल रोलर स्केटिंग ...