Breaking News

Karpuri Thakur ने समाज को जगाने का काम किया : अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भारत गम्भीर दौर से गुजर रहा है। दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले भारत पिछड़ गया है। भाजपा जब से सत्ता में आई है उसने नफरत फैलाने और समाज को तोड़ने का ही काम किया है। संविधान की शपथ की जगह वह आरएसएस के निर्देशों पर काम कर रही है। भाजपा ने कोई काम नहीं किया, बस रात-रात जागकर साजिश की रणनीति बनाती है। भाजपा के लोग भ्रमित करने को अपनी उपलब्धि बताते हैं। जनता अब भाजपा से मुक्ति चाहती है। लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी और बसपा का गठबंधन ही विकल्प है।

कर्पूरी ठाकुर ने समाजवादी विचार का रास्ता दिखाया

अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी मुख्यालय के डाॅ. लोहिया सभागार में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी नेता जननायक स्व0 कर्पूरी ठाकुर (Karpuri Thakur) की जयंती पर आयोजित सभा को सम्बोधित कर रहे थे। श्री यादव ने स्व0 कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पश्चात उनके संघर्ष और योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने समाज को जगाने का काम किया था। स्व0 ठाकुर एक साधारण परिवार के होते हुए असाधारण काम किए। ऊंचाई पर पहुंचकर भी सादगी के साथ जनहित में तमाम काम किए। उन्होंने समाजवादी विचार का रास्ता दिखाया। गरीबों में स्वाभिमान जगाया। आज सभी को उनके रास्ते पर चलने का संकल्प लेना है।

स्व0 कर्पूरी ठाकुर (Karpuri Thakur) की जयंती

भाजपा दोबारा से केंद्र की सत्ता पाने के लिए व्याकुल

श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने 40 के लगभग पार्टियों से गठबंधन किया है। उसका समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी गठबंधन पर टिप्पणी करना अलोकतांत्रिक है। भाजपा दोबारा से केंद्र की सत्ता पर कब्जा करने के लिए व्याकुल है। प्रधानमंत्री ने झूठ बोलने का रिकार्ड तोड़ दिया है। नोटबंदी से पूरी अर्थव्यवस्था चैपट कर दी है। जीएसटी से व्यापारी परेशान हैं। कालाधन वापस आया नहीं, भारत के बैंकों का पैसा लेकर उद्योगपति विदेश पलायन कर गए हैं। भाजपा नेता हमीरपुर, जालौन में अवैध खनन करा रहे हैं।

भाजपा राज में किसानों की घोर उपेक्षा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के विकासकार्यों का कोई मुकाबला नहीं कर सकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा सड़कों के क्षेत्र में समाजवादी सरकार के कामों की सभी प्रशंसा करते हैं। समाजवादी सरकार ने यूपी डायल 100 की पुलिस व्यवस्था बर्बाद कर दी गई है। गौमाता को सुविधा और सम्मान भी भाजपा सरकार नहीं दे सकी। भाजपा के शासनकाल में एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ। भाजपा राज में किसानों की घोर उपेक्षा है। गन्ना किसानों का सन् 2018-2019 का बकाया न मिलने के कारण किसानों की स्थिति चिंता जनक है। शामली स्थित शूगर मिल के सामने हजारों किसान एक सप्ताह से गन्ना की कीमत न मिलने एवं बकाया भुगतान न होने के कारण धरना प्रदर्शन कर रहे है। पिछले वर्ष का बकाया गन्ना भुगतान अभी तक नहीं हुआ। किसान दुःखी और आक्रोशित है।

भाजपा चुनाव आते ही धोखा देने वाली घोषणा

श्री यादव ने कहा कि यह तो सभी जानते हैं कि उत्तर प्रदेश से ही भारत की राजनीति का भाग्य निर्धारित होता है। समाजवादी भाजपा से डरने वाले नहीं है। भाजपा चुनाव आते ही धोखा देने वाली घोषणा कर रही है, इससे सावधान रहना है। भाजपा की चाल जनता समझ गई है। देश को नया प्रधानमंत्री मिलना चाहिए। देश मई 2019 में नई सरकार और नए प्रधानमंत्री का इंतजार कर रहा है। इस अवसर पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी,प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, आर.के. चौधरी, विजय बहादुर सिंह, अवधेश प्रसाद, शिवाकांत ओझा, अयोध्या पाल, एसआरएस यादव, विकास यादव, नरेन्द्र वर्मा, विनोद सविता, संजय विद्यार्थी सविता, सनातन पाण्डेय, दीप नारायण सिंह ‘दीपक यादव‘, परवेज अली, राहुल सविता, मनोज ठाकुर, बृजेश शर्मा, काली चरन, सीमा सविता, शाकिर अंसारी, विजय राज,सुधीर कुमार एवं सतीश शर्मा समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

About Samar Saleel

Check Also

जयशंकर की डेनमार्क यात्रा, हरित परिवर्तन और रणनीतिक सहयोग पर फोकस

विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर (External Affairs Minister Dr S Jaishankar) 20 मई को डेनमार्क ...