Breaking News

बीजद विधायकों ने ओडिशा विधानसभा में छिड़का गंगाजल, कहा- पुलिस के प्रवेश से प्रदूषित हो गया है सदन

भुवनेश्वर:  ओडिशा विधानसभा में गुरुवार को विपक्षी पार्टी बीजू जनता दल (बीजद) के विधायकों ने गंगाजल छिड़का। विधायकों ने कहा कि पुलिसकर्मियों के प्रवेश से सदन प्रदूषित हो गया है। इस दौरान विधायकों ने सरकार की शिथिलता पर नाराजगी जाहिर की। इसके अलावा स्पीकर ने विपक्षी विधायकों के कृत्य की निंदा की।

ओडिशा में मुख्य विपक्षी पार्टी बीजद महिलाओं की सुरक्षा और एसटी-एससी व ओबीसी लोगों न्याय दिलाने में राज्य सरकार की कथित विफलता का विरोध कर रही है। वहीं कांग्रेस पिछले नौ महीने में महिलाओं के खिलाफ हुई हिंसा की घटनाओं की जांच के लिए समिति के गठन की मांग कर रही है। इस हंगामे के बीच मंगलवार को कांग्रेस विधायकों ने वेल में प्रवेश किया तो पुलिस ने उनको बाहर निकाला था। वहीं सदन में अनुशासनहीनता के आरोप में कांग्रेस के 12 विधायकों को सात दिनों के लिए निलंबित किया गया था।

इसके बाद गुरुवार को विपक्ष की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक के नेतृत्व में बीजद के विधायकों को सदन के हर नुक्कड़ और कोने में आम के पत्तों के साथ मिट्टी के बर्तनों से गंगाजल छिड़का। बीजद विधायक और पूर्व मंत्री अरुण कुमार साहू ने कहा कि हमने विधानसभा को शुद्ध करने के लिए गंगाजल छिड़का। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा पुलिस को वेल में प्रवेश करने की अनुमति देने से यह प्रदूषित हो गया है।

बीजद विधायकों ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष ने मंगलवार रात पुलिस को सदन के वेल में घुसने दिया और कानून लागू करने वालों ने विरोध कर रहे कांग्रेस विधायकों को बाहर निकालने के लिए बल प्रयोग किया। साहू ने कहा कि पुलिस पहले कभी विधानसभा में नहीं घुसी थी। उन्होंने कांग्रेस विधायकों को जबरन बाहर निकाला। हमने विधानसभा के गेट पर पुलिस और विधायकों के बीच हाथापाई भी देखी। इस घटना ने ओडिशा को शर्मसार कर दिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकों को आधी रात को सड़कों पर छोड़ दिया गया। विपक्षी सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने बुधवार को उन्हें विधानसभा परिसर से बाहर जाने से रोका। पुलिस ने मुख्य द्वार बंद कर दिया और बीजद विधायकों को बाहर जाने से रोक दिया। यह निंदनीय है।

About News Desk (P)

Check Also

कामाख्या एक्सप्रेस के 11 डिब्बे बेपटरी; कटक में नेरगुंडी के पास हादसा; सात लोग घायल

Cuttack। ओडिशा से रेल हादसे (Railway Accidents) की खबर आ रही है। बताया जा रहा ...