Breaking News

भाजपा सरकार ने पिछले तीन साल में कोई काम नही किया, अपने संकल्प पत्र के वादे भी नही किये पूरे: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने तीन साल में कोई काम नहीं किया है। यहां तक कि भाजपा के संकल्प पत्र में जो वादे किए गए थे उन्हें भी पूरा नहीं किया है। भाजपा सपने दिखाती और झूठ फैलाती है। अब जनता ने भाजपा के खिलाफ मन बना लिया है। समाजवादी पार्टी सन् 2022 में विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी, हम अपने काम पर विकास के नाम पर जनता से समर्थन मांगेंगे। सन् 2022 के चुनाव बाइसकिल से चलकर सच्चाई और ईमानदारी से जीतेंगे और 351 के प्रचण्ड बहुमत से सरकार बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के आधे हिस्से में किसान असमय वर्षा और ओलावृष्टि से बर्बाद हो गया है। कई जानें चली गई है। आवारा पशुओं का संकट अलग है। महोबा में समाजवादी पार्टी के एमएलसी गए उन्होंने उन किसान परिवारों से भेंट की जिनके सदस्यों ने आत्महत्या की है। उनकी राज्य सरकार ने मदद नहीं की। किसानों की आय दुगनी होने के बजाय आधी रह गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। सरकार सीएए के विरोधी लोगों के पोस्टर लगाकर गैरकानूनी काम कर रही है। अब राज्य सरकार नया कानून बना रही है। उन्होंने कहा दंगों में शिरकत के लिए पहले वे उनसे वसूली कराएं जिन पर आरोप थे। अपने ऊपर लगे मुकदमें खुद ही वापस कराए। लोकतंत्र में क्या विरोध प्रदर्शन भी नहीं हो सकते हैं? 25 लोगों की जाने गईं, वे कैसे मरे? उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खां पर फर्जी मुकदमें लगाए जा रहे हैं। पुलिस फर्जी एनकाउण्टर कर रही है। जो अधिकारी आज झूठे मुकदमें लगा रहे हैं सरकार बदलने पर वही झूठे केस करने वालों पर मुकदमें लगा देंगे।

अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने दो इन्वेस्टर्स समिट किए, उद्योग नहीं लगे। समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास समाजवादी सरकार के समय हुआ। इसके जमींन अधिग्रहण से लेकर अन्य कार्य शुरू हो गये थे। यह कब पूरा होगा पता नहीं? आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर युद्धक विमान तक उतरे। भारत में दूसरा ऐसा एक्सप्रेस-वे नहीं बन सका। गोमती रिवरफ्रंट पर नेवी की एक्सरसाईज हुई। समाजवादी सरकार में सोलर प्लांट मिर्जापुर में लगा था। भाजपा ने कितनी बिजली पैदा की? एचसीएल, अमूल के काम आगे क्यों नहीं बढ़ाए जा रहे हैं? 3 सैनिक स्कूल सपा सरकार में बने।

अखिलेश यादव ने कहा कि गौशालाओं में गायें भूखों मर रही है। स्मार्ट सिटी में आवारा पशु घूम रहे हैं। शौचालय बने जिनकी दीवारें भरभरा कर गिर जाती है, उनमें पानी की व्यवस्था नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नेतृत्व का एजेण्डा जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नज़दीक आता जा रहा है वैसे-वैसे समाजवादियों को बदनाम करने का अभियान चलाने का है। झूठे आरोप लगाना बेबुनियाद राजनीति से प्रेरित मनगढं़त योजना है। जनता को भाजपा के इरादों से सावधान रहना है। उन्होंने कहा कि काम करने के लिए दिन रात एक करना पड़ता है, तभी समाजवादी सरकार ने विकास का कीर्तिमान स्थापित किया। भाजपा नेतृत्व की नींद हराम हो गई है कि अब सन् 2022 में किस मुंह से जनता के बीच जाएंगे ?

About Aditya Jaiswal

Check Also

माफिया मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत, कई जिलों में बढ़ाई गई सुरक्षा, प्रदेश में धारा 144 लागू

लखनऊ। जेल में बंद सजायाफ्ता बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी का दिल का दौरा पड़ने ...