Breaking News

ओवर ऑल पर्सेप्शन में बदलाव

डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश कर दिया है। वस्तुतः उन्होने तंत्र में लोक के महत्व को एक बार फिर रेखंकित किया है। इसके पीछे उनका आत्मविश्वास भी है। वह यह कि उन्होंने पूरी क्षमता के साथ चार वर्षों में शासन का संचालन किया। उत्तर प्रदेश को विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाया।

चार वर्ष की इस अवधि में विकास के अनेक राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित हुए है। पहले इन सभी मामलों में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन दयनीय होता था। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चार वर्षाें में उत्तर प्रदेश के ओवर ऑल पर्सेप्शन को बदल दिया है। प्रदेश सरकार ने पूर्ववर्ती व्यवस्था में रिफॉर्म करके,परफॉर्म करते हुए ट्रांसफॉर्म किया है।

किसान कल्याण का एजेंडा

योगी ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में किसान राजनीति का एजेण्डा नहीं होता था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसान को राजनीति का मुख्य केन्द्र बिन्दु बनाया। मृदा स्वास्थ्य कार्ड,प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जैसी योजनाएं प्रदेश में लागू हुईं।जिससे किसानों को कृषि कार्य में काफी मदद मिली है।उत्तर प्रदेश में बीस नये कृषि विज्ञान केन्द्रों की स्थापना की गयी है। प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना के अन्तर्गत दशकों से लम्बित परियोजनाओं को पूरा किया गया है। ग्यारह लम्बित सिंचाई परियोजनाओं को पूर्ण कराया गया, जिनसे करीब सवा दो लाख हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचन क्षमता का सृजन हुआ है।

गन्ना किसानों को चार वर्षाें में एक लाख सत्ताईस हजार करोड़ रुपये से अधिक का गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। कोरोना काल में भी प्रदेश सरकार द्वारा एक सौ उन्नीस चीनी मिलों का सफल संचालन किया गया। प्रदेश में खांडसारी उद्योग में लाइसेंस की प्रक्रिया का सरलीकरण किया गया है। इसके अन्तर्गत दो सौ छांछठ नये लाइसेंस उपलब्ध कराये गये हैं। आजादी के बाद पहली बार वनटांगिया ग्रामों को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया गया। इन ग्रामों के वासियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया गया।

रैंकिंग में उछाल

प्रदेश की अर्थव्यवस्था पहले छठवें स्थान पर थी आज दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरी है। निवेश का बेहतर वातावरण वर्तमान सरकार ने तैयार किया है। पहले उत्तर प्रदेश ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के मामले में देश में चौदहवें स्थान पर था, आज सरकार की नीतियों से दूसरे स्थान पर आ गया है।

चार वर्ष पहले उत्तर प्रदेश का केन्द्र की किसी योजना में स्थान नहीं होता था। आज केन्द्र सरकार की अनेक योजनाओं में प्रदेश प्रथम स्थान पर है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण में उत्तर प्रदेश प्रथम स्थान पर है। स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत प्रदेश में दो करोड़ इकसठ लाख शौचालय बनवाये गये हैं। इसी तरह उज्ज्वला, सौभाग्य,उजाला,पीएम किसान सम्मान निधि में भी उत्तर प्रदेश ने बेहतर कार्य किया है।

उद्योग व कनेक्टिविटी

बुन्देलखण्ड क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण, डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर का निर्माण, बुन्देलखण्ड क्षेत्र के लिए लाभप्रद है। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत बुन्देलखण्ड तथा विन्ध्य क्षेत्र में हर घर नल योजना प्रारम्भ की गयी है। प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अन्तर्गत दो लाख से अधिक भूस्वामियों को घरौनी कागजात उपलब्ध कराये गये हैं।

वरासत अभियान के अन्तर्गत करीब नौ लाख से अधिक मामलों का निस्तारण किया गया है। पिछले चार वर्षाें के दौरान प्रदेश में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। परम्परागत उद्यम को प्रोत्साहित करने के लिए ओडीओपी योजना आज देश की लोकप्रिय योजना है।

About Samar Saleel

Check Also

अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणाप्रद है- केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ,(दया शंकर चौधरी)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav ...