Breaking News

सीएम पर्यटन संवर्धन योजना: औरैया के तीन मंदिरों का होगा सौंदर्यीकरण

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले को पर्यटन के नक्शा में लाने के लिए मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना तहत जिले के तीन प्राचीन व प्रसिद्ध मंदिरों का 148.24 लाख रुपए से सौंदर्यीकरण किया जायेगा। जिसके लिए शासन द्वारा पहली किस्त अवमुक्त कर दी गई है।

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शासन द्वारा जिले में सौंदर्यीकरण हेतु तीनों विधायकों के एक-एक मंदिर के प्रस्ताव को पास किया गया है। जिले के मंदिरों के सौंदर्यीकरण व संवर्धन हेतु शासन के साथ जिला प्रशासन भी अग्रसर दिख रहा है। जिले जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने देवकली और मंगलाकाली मंदिरों के संवर्धन, संरक्षण व सुदृढ़ व्यवस्था के लिए पहले से ट्रस्ट बना दिया है। जिसके तहत इस वर्ष शहर में प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जा रहा है और पहली बार जिला प्रशासन की ओर से महाशिवरात्रि पर शिव बरात भी निकाली गई थी।

अब शासन की ओर से जिले के तीन मंदिरों के सौंदर्यीकरण हेतु धनराशि निर्गत किए जाने पर लोगों में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना के तहत जिले के तीनों विधायकों के प्रस्ताव पर जिन तीन मंदिरों का सौंदर्यीकरण हेतु चयन किया गया है उनका अपना अलग अलग पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व है। सदर विधायक रमेश दिवाकर ने यमुना नदी के किनारे बीहड़ में स्थित मां मंगलाकाली मंदिर, बिधूना विधायक विनय शाक्य ने कुदरकोट स्थित अलोपा देवी मंदिर एवं दिबियापुर विधायक लाखन सिंह राजपूत ने अछल्दा क्षेत्र के पुरातन मंदिर भैसोल का प्रस्ताव भेजा था जिनका चयन किया गया है।

साथ ही मुख्यमंत्री पर्यटन संवर्धन योजना के तहत सदर विधायक के प्रस्ताव पर मां मंगलाकाली मंदिर के लिए 48.95 लाख रूपया, बिधूना विधायक के प्रस्ताव पर अलोपा देवी मंदिर के लिए 49.65 लाख रुपया व दिबियापुर विधायक लाखन सिंह राजपूत के प्रस्ताव पर पुरातन मंदिर भैंसोल अछल्दा के लिए 49.67 लाख रुपया स्वीकृत किया गया है जिसमें शासन ने क्रमशः 24.47 लाख रूपए, 24.82 लाख रुपए व 24.83 लाख रूपए की पहली किस्त अवमुक्त कर दी है।

इसी के साथ यमुना नदी के किनारे बीहड़ में स्थित मां मंगलाकाली के मंदिर के समीप पर्यटन स्थल बनाए जाने को लेकर सदर विधायक रमेश दिवाकर द्वारा प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि देखरेख के अभाव में बीहड़ की जमीन कब्जाई जा रही है, पर्यटन केन्द्र बनने से भूमि भी बच जायेगी और बीहड़ क्षेत्र का विकास भी होगा। बताया कि उन्होंने मां मंगलाकाली मंदिर के पास पार्क की स्थापना और सुंदरीकरण को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा भी की थी।

रिपोर्ट-शिवप्रताप सिंह सेंगर

About Samar Saleel

Check Also

आज का राशिफल: 26 मार्च 2024

मेष राशि:  आज का दिन आपके लिए खर्चों से भरा रहने वाला है। आपके घर ...