Breaking News

पहाड़ों की सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंडक, पारा गिरने से जनजीवन प्रभावित.. तस्वीरें

मुरादाबाद:  मुरादाबाद मंडल में शनिवार को झमाझम बारिश होने के साथ ठंड ने जोर पकड़ लिया है। बारिश के साथ तेज हवाओं ने मौसम को और सर्द बना दिया। तापमान में अचानक गिरावट के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। शनिवार को सुबह से ही बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं का असर दिखा। दोपहर में तेज बारिश शुरू हो गई जो रुक-रुक कर शाम तक जारी रही।

इस दौरान लोग घरों में ही सिमटे रहे, जबकि बाहर निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहकर 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी सुबह 86 फीसदी और शाम को 78 फीसदी रही। उत्तर से दक्षिण दिशा में हवा की गति 10-15 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि रविवार को भी ठंडक बनी रहेगी। हालांकि, बारिश के आसार कम हैं, लेकिन बादल छाए रह सकते हैं। दिनभर ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन महसूस होगी। 30 दिसंबर तक कोहरा छाने और ठंड बढ़ने का अनुमान है। इससे पहले शुक्रवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था। बादल छाने के अलावा ठंडी हवा भी चल रही थी। समय के साथ ठंड और बढ़ती गई।

सुबह बच्चों को स्कूल छोड़ने में भी अभिभावकों को परेशानी हुई। दिन में भी वाहनों की रफ्तार सामान्य दिनों से धीमी ही रही। शाम होते-होते बूंदाबांदी शुरू हो गई। देर रात तक हल्की बारिश और तेज हवा चल रही थी। मौसम विज्ञान विभाग के डाटा संग्रह केंद्र के अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम है।

न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक था। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रही। वातावरण में सुबह की नमी 84 फीसदी थी, जो शाम को 75 रही। उत्तर से दक्षिण दिशा में हवा की गति पांच से दस किलोमीटर प्रति घंटा रही।

About News Desk (P)

Check Also

Lucknow Municipal Corporation: स्वच्छता का ‘बड़ा मंगल’

लखनऊ। नगर निगम ने महापौर सुषमा खर्कवाल (Mayor Sushma Kharkwal) और नगर आयुक्त गौरव कुमार ...