Lucknow। लखनऊ नगर निगम (Lucknow Municipal Corporation) ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। स्वच्छता जन भागीदारी 2024 (Swachhata Jan Bhagidari 2024) में प्रदेश भर में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ नगर निगम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया (First Prize In State) है। गोमती नगर विस्तार स्थित नगरीय निकाय निदेशालय के स्वाति सभागार में डेडीकेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (DCCC) की तीसरी वर्षगांठ पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि नगर विकास मंत्री एके शर्मा (Urban Development Minister AK Sharma) ने नगर निगम की टीम को यह सम्मान सौंपा।
नगर निगम को यह पुरस्कार डेडीकेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (DCCC) की प्रभावी मॉनिटरिंग, कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 1533 पर त्वरित प्रतिक्रिया और शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के चलते प्राप्त हुआ है। इस सफलता में पशु पालन अधिकारी व DCCC प्रभारी डॉ अभिनव वर्मा और टीम लीडर सुबोध सिंह का विशेष योगदान रहा।
इस समारोह में विशिष्ठ अतिथि के तौर पर प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, सचिव एवं निदेशक अनुज कुमार झा, एडिशन डायरेक्टर स्वच्छ भारत मिशन ऋतु सुहास, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक सिंह, पशु पालन अधिकारी डॉ अभिनव वर्मा समेत कई अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने नगर निगम की टीम को बधाई दी और कहा कि यह पुरस्कार निगम की मेहनत, प्रशासनिक कुशलता और जनता की भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लखनऊ नगर निगम आगे भी स्वच्छता के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा। नगर निगम की तरफ से स्वच्छता जन भागीदारी पुरस्कार 2024 को चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक सिंह द्वारा प्राप्त किया गया।
नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने इस पुरस्कार को नगर निगम कर्मचारियों और लखनऊ की जागरूक जनता की संयुक्त मेहनत का नतीजा बताते हुए कहा कि निगम की टीम महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देशन में स्वच्छता को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और लखनऊ को स्वच्छ, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
DCCC प्रभारी डॉ अभिनव वर्मा ने कहा कि कंट्रोल रूम की निरंतर मॉनिटरिंग और हेल्पलाइन 1533 पर नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान इस उपलब्धि की बड़ी वजह रही। उन्होंने बताया कि नगर निगम के डिजिटल निगरानी सिस्टम ने सफाई कर्मचारियों की कार्यशैली में सुधार किया, जिससे स्वच्छता स्तर बेहतर हुआ। इसके साथ ही सोशल मीडिया की मदद से भी लोगों को जागरूक किया गया।
नगर निगम ने इस पुरस्कार तक पहुंचने के लिए कई अहम कदम उठाए। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सार्वजनिक स्थानों की सफाई, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी भी इस सफलता में महत्वपूर्ण रही। नगर निगम की टीम अब इस उपलब्धि को और आगे बढ़ाने की योजना बना रही है। आने वाले समय में स्मार्ट कूड़ा प्रबंधन, ग्रीन वेस्ट के पुनः उपयोग और नागरिक भागीदारी को और सशक्त करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।